Mirzapur The Movie Trailer: लंबे इंतजार के बाद आखिरकार ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। दमदार टीजर के बाद अब ट्रेलर में फिल्म की कहानी, किरदारों और बड़े पर्दे पर होने वाली जंग की झलक देखने को मिल रही है। फिल्म के साथ एक बार फिर मिर्जापुर की वही दुनिया लौट रही है, जिसमें सत्ता, बदला और गद्दी की लड़ाई सबसे अहम है। खास बात यह है कि इस बार कहानी ओटीटी से निकलकर सीधे सिनेमाघरों तक पहुंच रही है।

ट्रेलर में पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया के किरदार में नजर आ रहे हैं। वहीं मुन्ना भैया के रूप में दिव्येंदु शर्मा लौट आए हैं। अली फजल भी गुड्डू पंडित के रोल में हैं। यानी मिर्जापुर के पुराने और सबसे चर्चित किरदार एक बार फिर आमने-सामने दिखाई दे रहे हैं। जितेंद्र कुमार भी फिल्म की स्टारकास्ट का हिस्सा हैं।

फिर छिड़ी गद्दी की जंग

‘मिर्जापुर: द मूवी’ की कहानी उसी दुनिया से आगे बढ़ती है, जिसकी शुरुआत 2018 में आई सीरीज के पहले सीजन से हुई थी। ट्रेलर में दिखाया गया कि मिर्जापुर की गद्दी को लेकर संघर्ष एक बार फिर तेज होने वाला है।

पुराने खिलाड़ियों के बीच सत्ता की इस लड़ाई में कुछ नए दावेदार भी उतर चुके हैं। ये किरदार पहले से मौजूद पावर स्ट्रक्चर को चुनौती देते दिखाई देते हैं। जैसे-जैसे गद्दी के लिए मुकाबला बढ़ता है, कहानी पूर्वांचल की सीमाओं से बाहर निकलकर एक बड़े कैनवास पर पहुंचती नजर आती है।

फिल्म में मिर्जापुर की दुनिया को इस बार एक अलग और बड़े स्तर पर दिखाया गया है। ट्रेलर में रेगिस्तान जैसे नए लोकेशन भी नजर आते हैं। इससे साफ है कि मेकर्स ने सीरीज के मुकाबले फिल्म का स्केल काफी बड़ा रखा है।

कालीन भैया, गुड्डू और मुन्ना का वही अंदाज

‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी के वही तीखे डायलॉग, डार्क ह्यूमर और दमदार एक्शन की झलक ट्रेलर में भी देखने को मिल रही है। कालीन भैया का दबदबा, गुड्डू पंडित का आक्रामक अंदाज और मुन्ना भैया की मौजूदगी कहानी में एक बार फिर पुराना रोमांच पैदा करती है।

हालांकि, फिल्म सिर्फ पुराने किरदारों पर निर्भर नहीं है। कहानी में कई नए चेहरे और किरदार भी जोड़े गए हैं, जो मिर्जापुर की इस दुनिया में नए समीकरण बनाते नजर आएंगे।

‘मिर्जापुर: द मूवी’ की स्टारकास्ट

पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा और जितेंद्र कुमार के अलावा फिल्म में रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी, सोनल चौहान, अनंगशा बिस्वास, शाजी चौधरी, सतेंद्र सोनी, कुलभूषण खरबंदा और सुशांत सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

यह भी पढ़ें: Mirzapur: The Movie ‘अब चलेगी कालीन भैया की मर्जी’, फिल्म के पहले लुक के साथ टीजर और रिलीज की तारीख भी आई सामने

फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी और लेखन पुनीत कृष्णा ने किया है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके को-प्रोड्यूसर हैं। फिल्म को अमेजॉन एमजीएम स्टूडियो और एक्सेल एंटरटेनमेंट पेश कर रहे हैं।

कब रिलीज होगी फिल्म?

‘मिर्जापुर: द मूवी’ के साथ मेकर्स ने इस लोकप्रिय फ्रेंचाइजी को ओटीटी से सिनेमाघरों में लाने का बड़ा कदम उठाया है। फिल्म उसी टाइमलाइन से जुड़ी हुई है, जिसकी शुरुआत ‘मिर्जापुर’ के पहले सीजन से हुई थी।

अब तक सीरीज के जरिए दर्शकों ने मिर्जापुर की गद्दी की लड़ाई को देखा है, लेकिन इस बार यही जंग बड़े पर्दे पर कहीं ज्यादा बड़े स्तर पर देखने को मिलेगी। मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।