भारत की सबसे चर्चित वेब सीरीज़ ‘मिर्ज़ापुर’ अब पहली बार फिल्म के रूप में सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। जिस क्राइम, सत्ता और बदले की दुनिया ने ओटीटी पर तहलका मचाया था, वही कहानी अब और बड़े स्केल के साथ बड़े पर्दे पर दिखाई देगी।
जब से ‘मिर्ज़ापुर: द मूवी’ का ऐलान हुआ था, फैंस इसकी रिलीज़ डेट का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे। अब मेकर्स ने इस इंतज़ार को खत्म करते हुए आधिकारिक तौर पर फिल्म की रिलीज़ डेट का ऐलान कर दिया है। ‘मिर्ज़ापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
फिल्म दर्शकों को उसी रॉ, बेरहम और सत्ता की लड़ाई से भरी दुनिया में ले जाएगी, जिसे उन्होंने वेब सीरीज़ में पसंद किया था लेकिन इस बार कहानी का स्केल और भी बड़ा होगा।
फिल्म में पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया, अली फज़ल गुड्डू पंडित और दिव्येंदु त्रिपाठी मुन्ना भैया के आइकॉनिक किरदारों में वापसी कर रहे हैं। इनके अलावा फिल्म में कई पुराने और नए चेहरे भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म की स्टार कास्ट में जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, सुशांत सिंह, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा और सोनल चौहान जैसे कलाकार शामिल हैं।
‘मिर्ज़ापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर प्रोड्यूस कर रहे हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि सत्ता, बदले और खून-खराबे की ये कहानी बड़े पर्दे पर दर्शकों को कितना पसंद आती है।
