ओटीटी प्लेटफॉर्म पर नई रिलीज का लोगों को बेसब्री से इंतजार रहता है। खासतौर पर सीक्वल फिल्मों का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है। यहां जिक्र 7 साल पुरानी एक क्राइम थ्रिलर का कर रहे हैं, जिसे खूब पसंद किया गया और इन दिनों उसका सीक्वल मस्ट वॉच बना हुआ है। बॉलीवुड एक्ट्रेस रानी मुखर्जी की यह फिल्म है, जिसकी ओटीटी रिलीज डेट की अनाउंसमेंट हो चुकी है। आइए इसकी डिटेल्स आपके साथ विस्तार से शेयर करते हैं।

रानी मुखर्जी ने अपने करियर में अलग-अलग जॉनर की फिल्मों में काम किया है। खैर, जब उनकी बेहतरीन फिल्मों का जिक्र होता है, तो मर्दानी फिल्म का नाम सबसे पहले लिया जाता है। 30 जनवरी 2026 को उनकी फिल्म ‘मर्दानी 3’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। मूवी को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रियाएं मिली और बॉक्स ऑफिस पर भी इसने रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया।

नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी ‘मर्दानी 3’

मर्दानी 3 फिल्म को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया जाएगा, जिसकी अनाउंसमेंट प्लेटफॉर्म की ओर से की जा चुकी है। रानी मुखर्जी के फैंस के लिए यह किसी बड़ी खुशखबरी से कम नहीं है। फिल्म को 27 मार्च को नेटफ्लिक्स पर उतारा जाएगा। प्लेटफॉर्म ने इसकी अनाउंसमेंट करते हुए लिखा, ‘क्रिमिनल्स के बुरे दिन शुरू। शेरनी शिकार करने आ रही हैं। मर्दानी 3 देखिए नेटफ्लिक्स पर।’

नेटफ्लिक्स की आधिकारिक अनाउंसमेंट ने फैंस की एक्साइटमेंट को डबल कर दिया है। फैंस ने पोस्ट पर रिएक्ट करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। एक यूजर ने लिखा, मुझे मेरी वीकेंड वॉच मिल गई। इसके अलावा, ज्यादातर लोगों ने नेटफ्लिक्स की तारीफ की। हालांकि, कुछ लोग ऐसे भी है, जिन्होंने साफतौर पर लिखा कि उन्हें मर्दानी फिल्म का सीक्वल ज्यादा अच्छा नहीं लगा। फिलहाल देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म को ओटीटी पर कैसी प्रतिक्रिया मिलती है। बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करने के बाद यह और महत्वपूर्ण हो गया है कि फिल्म को ओटीटी पर प्यार मिलता है या नहीं।

ओटीटी की दुनिया में अक्सर देखने को मिलता है कि दर्शक उन फिल्मों को भी प्यार देते हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई। संभावना है कि रानी मुखर्जी की फिल्म को दर्शकों के प्यार की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें: इस वीकेंड नहीं मिलेगी फुरसत, ‘मर्दानी 3’ से ‘काट्टान’ तक ओटीटी पर रिलीज होंगी ये फिल्में और सीरीज