पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट, जिन्हें UK07 Rider के नाम से जाना जाता है, शनिवार रात दिल्ली-देहरादून हाईवे पर कार दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें काफी गंभीर चोटें आई हैं। हाल ही में उन्होंने लगभग दो घंटे लंबा व्लॉग पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने अपने परिवार के साथ चल रहे तनावपूर्ण रिश्तों के बारे में बात की थी। अपने कुछ पुराने पोस्ट में उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि उनका परिवार उनकी इंटर-कास्ट शादी के खिलाफ था। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर सुसाइड करने की कोशिश में हाई स्पीड कार को डिवाइडर पर ठोक दिया।

कई सेलेब्रिटीज उनके समर्थन में सामने आए हैं। इसी बीच उनके बिग बॉस की को-कंटेस्टेंट मन्नारा चोपड़ा ने भावुक संदेश साझा किया और उन्हें लेकर अपनी चिंता जताई।

मन्नारा चोपड़ा ने इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर करते हुए अनुराग के साथ अपने रिश्ते के बारे में बात की। उन्होंने कहा, “जब आप किसी के साथ इतने दिन एक ही घर में रहते हैं तो इंसानियत के नाते एक कनेक्शन बन ही जाता है। मैं आमतौर पर रोती नहीं हूं क्योंकि मुझे लगता है रोने से कुछ नहीं होता, लेकिन पता नहीं मेरे अंदर जो पर्सनल इमोशन हैं, पिछले दो साल में मेरे साथ जो हुआ और अभी उसके साथ जो हो रहा है, सब मिलकर मुझे इमोशनल कर रहे हैं। मैं उम्मीद करती हूं कि उसके माता-पिता उसे सपोर्ट करें।”

मन्नारा ने बताया परिवार से प्यार करते हैं अनुराग

मन्नारा ने यह भी बताया कि बिग बॉस के घर में रहते हुए अनुराग अपने माता-पिता से बात करने के लिए कितनी कोशिश करते थे। उन्होंने कहा, “वह अपने माता-पिता से बात कराने के लिए घर में बहुत लड़ा था। वह कहता था कि मुझे उनसे बात कराओ, मेरी बहन से बात कराओ। उसने अपनी होने वाली पत्नी का भी जिक्र किया था।”

यह भी पढ़ें: ‘हमारे लिए मुश्किल समय’- अनुराग डोभाल की तबीयत पर पत्नी रितिका चौहान का बयान: आपकी दुआएं चाहिए

परिवार को दिया भावनात्मक संदेश

मन्नारा ने अनुराग के माता-पिता के लिए भी एक संदेश दिया। उन्होंने कहा, “पैसे का क्या मतलब है? अगर आपके पास आपके अपने ही नहीं रहेंगे, तो उन पैसों का क्या करेंगे? मैं बस उनके परिवार से यही कहना चाहती हूं, आप उन पैसों का क्या करेंगे?”

उन्होंने अनुराग की चोटों के बारे में भी बात करते हुए कहा, “उसे फ्रैक्चर हुआ है। इतनी छोटी उम्र में ऐसा क्यों हुआ, समझ नहीं आता। वह शायद 28-29 साल का होगा। मुझे बहुत बुरा लगा क्योंकि मैं भी पिछले दो साल से एक कठिन दौर से गुजर रही हूं।” मन्नारा ने ये भी बताया कि अनुराग की हिप बोन में फ्रैक्चर हुआ है और ये काफी मुश्किल होने वाला है। मन्नारा ने कहा कि उनके पिता भी इस चोट से गुजरे थे।

यह भी पढ़ें: Anurag Dobhal Health Update: अस्पताल में अनुराग से मिलने पहुंचीं पत्नी रितिका, यूट्यूबर के पिता ने किया संपत्ति से बेदखल

लाइव सेशन के दौरान हुआ हादसा

बता दें कि शनिवार रात अनुराग डोभाल उस समय कार चला रहे थे जब वह इंस्टाग्राम लाइव कर रहे थे। लाइव के दौरान उन्होंने अपने माता-पिता से कहा था कि अगली जिंदगी में उन्हें प्यार दें और इस ड्राइव को अपनी फाइनल ड्राइव बताया था। इसी लाइव वीडियो में उनके साथ हुआ हादसा भी कैद हो गया, जो अब काफी वायरल हो रहा है।