‘बिग बॉस 20’ में इस वीकेंड का वार में मेकर्स ने घर में एक नए चेहरे की एंट्री कराई है। टीवी अभिनेता मनीष गोयल ने शो के पहले आधिकारिक वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री ली है। शनिवार को प्रसारित हुए वीकेंड का वार एपिसोड में वो सलमान खान के साथ नजर आए, जिसके बाद उन्होंने बिग बॉस के घर में कदम रखा।
शो में अपनी एंट्री के दौरान मनीष ने घर में मौजूद कंटेस्टेंट्स के बारे में भी अपनी राय रखी। उन्होंने माही विज को चालाकी से गेम खेलने वाला बताया और खेल के प्रति उनके नजरिए पर अपनी बात रखी। वहीं, माहि मनीष को देखकर काफी खुश नजर आईं, क्योंकि दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं।
जो लोग जानना चाहते हैं कि मनीष गोयल कौन हैं उन्हें बता दें कि मनीष गोयल लंबे समय से एक्टिंग से जुड़े हैं और उन्होंने डेली सोप, फिल्मों और नॉन-फिक्शन कार्यक्रमों में काम किया है। अपने करियर के दौरान वह कई लोकप्रिय हिंदी टीवी शोज में नजर आ चुके हैं। इनमें ‘भाभी’, ‘कहानी घर घर की’ और ‘कसौटी जिंदगी की’ जैसे सीरियल शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने ‘देवी’, ‘भाग्यलक्ष्मी’, ‘आयुष्मान भव’, ‘तंत्र और हमारी वाली गुड न्यूज’ जैसे शोज में भी काम किया है। वह चर्चित टीवी सीरियल ‘अनुपमा’ में भी नजर आ चुके हैं।
‘बिग बॉस 20’ में क्यों आए मनीष गोयल?
मनीष गोयल ने शो का हिस्सा बनने को लेकर बात की थी। वैरायटी इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में मनीष गोयल ने बताया था कि वह इस मौके को अपने असली व्यक्तित्व को दर्शकों के सामने लाने के अवसर के रूप में देखते हैं। उन्होंने कहा, “पिछले कई सालों में दर्शकों ने मेरे ऑनस्क्रीन किरदारों को खूब प्यार दिया है। मुझे लगा कि यह अपने असली व्यक्तित्व को दिखाने के लिए एक अच्छा मंच है।”
यह भी पढ़ें: Bigg Boss 20 Episode 36: सलमान खान ने लगाई घरवालों की क्लास, काजी के लिए लिया स्टैंड
इस रिएलिटी शो का हिस्सा रह चुके हैं मनीष गोयल
मनीष गोयल इससे पहले ‘जरा नच के दिखा’ जैसे रियलिटी शो में भी हिस्सा ले चुके हैं। ‘बिग बॉस 20’ में उन्होंने खुद को ‘अकेले चलने वाला इंसान’ यानी ‘लोन वुल्फ’ बताया है। मनीष ने ये भी बताया कि उनकी पत्नी एक्ट्रेस पूनम नरूला इस शो की बड़ी फैन हैं।
यह भी पढ़ें: Bigg Boss 20 Episode 35: सलमान ने लगाई यंग-स्काउट की क्लास, वाइल्ड कार्ड की हुई एंट्री
टीवी में काम मिलने को लेकर भी की बात
इंडस्ट्री में सामने आने वाली चुनौतियों पर मनीष गोयल ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने माना कि आज के समय में सीनियर कलाकारों को अच्छे किरदार मिलना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा, “इस समय की मंदी का सामना हर कोई कर रहा है, चाहे वह कॉरपोरेट स्टूडियो हों या व्यक्तिगत निर्माता। इंडस्ट्री में सुधार सभी स्तरों पर होना जरूरी है।” मनीष ने आगे कहा कि हमें यह स्वीकार करना होगा कि समय बदल गया है और उसी के अनुसार खुद को ढालना होगा।
