टीवी होस्ट और अभिनेता मनीष पॉल पर इस समय दुखों का पहाड़ टूट गया है। एक्टर अपनी मां उर्मिल पॉल के निधन के दुख से गुजर रहे हैं। उर्मिल पॉल ने 76 साल की उम्र में आज 8 जुलाई को नई दिल्ली में अंतिम सांस ली। फिलहाल परिवार ने उनके निधन की वजह के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है।

यह भी पढ़ें- ‘मेरी मौत के बाद ही रिलीज होगी मेरी बायोपिक’, सतलुज विवाद के दौरान दिलजीत दोसांझ का चौंकाने वाला बयान

मनीष अपनी मां के बेहद करीब थे और अक्सर सोशल मीडिया पर उनके साथ तस्वीरें और खास पल साझा किया करते थे। साल 2022 में मां के जन्मदिन पर उन्होंने उनकी अच्छी सेहत की कामना करते हुए एक भावुक पोस्ट भी शेयर की थी। उस पोस्ट में मनीष ने अपनी मां को जिंदगी को खुलकर और बेफिक्र होकर जीना सिखाने का श्रेय देते हुए लिखा था, “मुझे बिंदास रहना सिखाने के लिए धन्यवाद!”

मनीष पॉल की टीम ने इस दुखद खबर की पुष्टि करते हुए एक बयान जारी किया। बयान में कहा गया, “गहरे दुख के साथ हम यह जानकारी साझा कर रहे हैं कि अभिनेता मनीष पॉल की मां का आज दिल्ली में 76 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। हम सभी से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने का अनुरोध करते हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और उन्हें शांति प्रदान करें।”

यह भी पढ़ें- ‘लिफाफे में मिलती थी फीस, जैसे भिक्षा’, ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी ने पुराने दिन याद करते हुए किया चौंका देने वाला खुलासा

उर्मिल पॉल अपने पीछे अपने पति जगमोहन पॉल और तीन बच्चों मनीष पॉल, ज्योति पॉल मोहन और विवेक पॉल को छोड़ गई हैं। उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है।

मनीष पॉल ने अपने करियर की शुरुआत रेडियो जॉकी और वीडियो जॉकी के तौर पर की थी। इसके बाद उन्होंने एक्टिंग, होस्टिंग और स्टैंड-अप कॉमेडी की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई। वह राधा की बेटियां कुछ कर दिखाएंगी, स्स्स्श्श… फिर कोई है और घर घर में जैसे कई टीवी शोज में नजर आए।