अभिनेत्री मंदाना करीमी इन दिनों अमेरिका-ईरान तनाव को लेकर दिए गए अपने बयानों के कारण चर्चा में हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के बाद सोशल मीडिया पर यह खबर फैल गई थी कि वह भारत छोड़कर ईरान लौटने वाली हैं। अब अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम के जरिए इस पर खुलकर सफाई दी है।
इंटरव्यू को लेकर दी सफाई
मंदाना ने एक रील शेयर करते हुए कहा कि उनके इंटरव्यू के कुछ हिस्सों को संदर्भ से हटाकर दिखाया गया है, जिससे बात का मतलब बदल गया। उन्होंने कहा कि कई मीडिया चैनल उनसे बातचीत कर रहे हैं, लेकिन अक्सर कुछ शब्दों को काटकर सनसनीखेज हेडलाइन बना दी जाती है। इसलिए वह खुद अपने अकाउंट के जरिए बात स्पष्ट करना चाहती हैं।
‘ईरान नहीं जा सकती’
मंदाना ने साफ कहा कि वह ईरान नहीं लौट सकतीं, क्योंकि उन्हें करीब दस साल पहले ही वहां से बैन कर दिया गया था। उन्होंने कहा,
“मैं भारत छोड़ रही हूं, लेकिन ईरान वापस नहीं जा रही हूं। पिछले कुछ महीनों से मुझे यहां किसी तरह का सपोर्ट नहीं मिला। लेकिन जैसे ही खामेनेई की मौत की खबर आई और अमेरिका-इजरायल का नाम सामने आया, भारत में हर कोई इस पर राय देने लगा। लोग सड़कों पर आकर शोक जता सकते हैं, लेकिन मैं ऐसा नहीं कर पाई और अब भी नहीं कर सकती।”
सुरक्षा कारणों से छिपकर रहना पड़ा
अभिनेत्री ने बताया कि सुरक्षा कारणों से वह काफी समय से एक ही जगह पर रह रही हैं और अपने करीबी दोस्तों तक को अपनी लोकेशन नहीं बताई है। इसके बावजूद वह मीडिया से बात कर रही हैं ताकि ईरान में हो रही घटनाओं और वहां के लोगों की आवाज दुनिया तक पहुंचा सकें।
यह भी पढ़ें: जान्हवी कपूर के जन्मदिन पर ‘पेड्डी’ टीम ने दिया खास सरप्राइज, BTS वीडियो में दिखा जबरदस्त अंदाज
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पिछले छह साल से फिल्मों में काम न करना उनका खुद का फैसला था।
मंदाना ने कहा, “लोग पूछते हैं कि मुझे राय देने का हक क्यों है। मैं इसलिए बोलती हूं क्योंकि मैं ईरानी हूं। मेरा जन्म और परवरिश वहीं हुई है और 18 साल की उम्र में मैंने देश छोड़ा था।”
पोस्ट के कैप्शन में कही यह बात
पोस्ट के कैप्शन में मंदाना ने लिखा कि किसी भी समझदार व्यक्ति को यह साफ दिखना चाहिए कि वह फिलहाल ईरान नहीं लौट सकतीं। वहां युद्ध जैसी स्थिति है, खतरा है और उन पर प्रतिबंध भी लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि कई लोग सच्चाई सुनने की बजाय सनसनीखेज खबरें बनाना ज्यादा पसंद करते हैं।\
यह भी पढ़ें: केरल हाईकोर्ट ने ‘द केरल स्टोरी 2’ पर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई से किया इनकार, जानें पूरा मामला
क्या है मौजूदा हालात
हाल ही में अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई समेत कई सैन्य अधिकारी मारे गए। इस घटना के बाद मध्य-पूर्व में तनाव और बढ़ गया है। जवाबी कार्रवाई में ईरान ने ड्रोन और मिसाइलों के जरिए कई क्षेत्रों को निशाना बनाया। खामेनेई की मौत के बाद ईरान में 40 दिनों के सार्वजनिक शोक की घोषणा भी की गई है।
