फिल्म की कामयाबी सिर्फ उन चेहरों की नहीं होती जो स्क्रीन पर नजर आते हैं, बल्कि उन अनगिनत लोगों की भी होती है जो पर्दे के पीछे रहकर पूरी लगन से काम करते हैं। ऐसे ही सभी अनदेखे चेहरों को सम्मान देने के लिए निर्देशक आदित्य धर ने अपनी फिल्म ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ (धुरंधर 2) की सफलता पर पूरी टीम की खुलकर सराहना की है।

उन्होंने ट्विटर पर एक-एक शख्स और उनके काम को लेकर लंबे चौड़े पोस्ट शेयर किए हैं। साथ ही सेट की कुछ खास तस्वीरें भी साझा की हैं। कुछ ने उनकी सराहना का जवाब देते हुए उनके लिए भी खास शब्द लिखे।

कॉस्ट्यूम डिजाइनर की खास अंदाज में की सराहना

फिल्म धुरंधर की कॉस्ट्यूम डिजाइनर स्मृति चौहान की तारीफ करते हुए आदित्य धर ने कहा कि कोई इंसान एक फिल्म के लिए 10,000 कॉस्ट्यूम और सिर्फ 30 दिनों में करीब 1,000 पठानी कपड़े कैसे तैयार कर सकता है-ये अपने आप में हैरान करने वाला काम है।

उन्होंने आगे कहा कि स्मृति ने सिर्फ कपड़े ही नहीं बनाए, बल्कि पूरी फिल्म के लिए एक अलग दुनिया, एक खास पहचान और स्टाइल तैयार किया। उनकी मेहनत हर सीन में साफ नजर आती है। आदित्य ने उनके काम को बारीकी से भरा, दमदार और बेहद खास बताया, जिसने फिल्म के लुक और फील को एक अलग स्तर पर पहुंचा दिया।

यह भी पढ़ें: Dhurandhar 2: हिंदी में 1000 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली पहली फिल्म बनी ‘धुरंधर 2’, रणवीर सिंह ने रचा नया इतिहास

सिनेमैटोग्राफर के प्रति जताया आभार

अपनी टीम के सिनेमैटोग्राफर विकास नौलखा के बारे में आदित्य धर ने खास अंदाज में लिखा कि कई लोग फिल्म को शूट करते हैं, लेकिन विकाश ने इस कहानी को सिर्फ कैमरे में कैद नहीं किया, बल्कि उसे पूरी तरह महसूस किया और जिया। उन्होंने यह भी बताया कि विकाश इस प्रोजेक्ट से सबसे आखिर में जुड़े थे, इसके बावजूद उन्होंने अपने काम से फिल्म को एक अलग ऊंचाई दी। आदित्य ने उनके प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनका योगदान फिल्म की सफलता में बेहद अहम रहा।

फिल्म के एडिटर के बारे में लिखे ये शब्द

फिल्म के एडिटर शिवकुमार पनिकर के बारे में आदित्य धर ने कहा कि वह सिर्फ उनके एडिटर ही नहीं, बल्कि उनके सबसे करीबी दोस्त, भाई और भरोसेमंद इंसान भी हैं। उनकी ईमानदारी और साथ निभाने की आदत दिल छू लेने वाली है। आदित्य ने शिवकुमार को मेहनती, तेज दिमाग और बहुत समझदार बताया। उन्होंने कहा कि शिव को फिल्म की रफ्तार, भावनाओं और कहानी को सही तरीके से पेश करने की बेहतरीन समझ है।

यह भी पढ़ें: धुरंधर 2 का मनोविज्ञान: रहमान डकैत हो या उजैर बलोच, क्यों खलनायकों के लिए जागी लोगों की हमदर्दी

शाश्वत सचदेव को बताया अपना छोटा भाई

संगीतकार शाश्वत सचदेव के साथ अपने काम के बारे में बात करते हुए आदित्य ने कहा कि कुछ साथ सिर्फ काम तक सीमित नहीं रहते, बल्कि बहुत ही पर्सनल और खास बन जाते हैं। वह प्यार से उन्हें ‘शा’ भी कहते हैं। आदित्य ने बताया कि फिल्मों में म्यूजिक, खासकर बैकग्राउंड म्यूजिक (BGM), बहुत बड़ी भूमिका निभाता है। यह दर्शकों को कहानी के साथ जोड़ता है और फिल्म को ज्यादा असरदार बनाता है।

मुकेश छाबड़ा की कास्टिंग को बताया लाजवाब

कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा की तारीफ करते हुए आदित्य धर ने कहा कि उन्होंने धुरंधर को उस वक्त समझ लिया था, जब वह खुद भी इसे पूरी तरह नहीं देख पाए थे। आदित्य ने बताया कि मुकेश ने हर किरदार को बहुत बारीकी से समझा और उसी हिसाब से बिल्कुल सही कलाकारों का चयन किया। उन्होंने यह भी कहा कि मुकेश काफी निडर हैं और हमेशा उन्हें बड़ा सोचने के लिए प्रेरित करते रहे। आसान शब्दों में, उनका योगदान फिल्म की कास्टिंग को मजबूत बनाने में बेहद अहम रहा।

लुक डिजाइनर को बताया अपना शेर

फिल्म धुरंधर की लुक डिजाइनर प्रीतिशील सिंह के बारे में आदित्य धर ने बेहद खास शब्दों में अपनी भावनाएं जाहिर कीं। उन्होंने उन्हें प्यार से अपनी पठानकोट वाली सरदारनी बहन और मेरा शेर कहा। आदित्य ने बताया कि प्रीति में उन्हें सिर्फ एक बेहतरीन कलाकार ही नहीं, बल्कि एक बहुत ही सच्ची, जमीन से जुड़ी और दिल से मजबूत इंसान भी नजर आईं।