विजय की बहुप्रतीक्षित आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ को लेकर लंबे समय से विवादों में घिरे रहने के कारण रिलीज नहीं हो पा रही थी। इसी बीच फिल्म ऑनलाइन लीक हो गई। इस आरोप में 6 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
थलापति विजय पिछले तीन महीनों से अपनी फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे थे। फिल्म की रिलीज इसलिए टाल दी गई थी क्योंकि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से इसे प्रमाण पत्र नहीं मिला। लेकिन कुछ दिन पहले यह फिल्म अवैध रूप से इंटरनेट पर फैल गई, जिससे इंडस्ट्री में हलचल मच गई। इसके जवाब में निर्माताओं ने दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की पुष्टि की है। केवीएन प्रोडक्शंस के वकील ने बताया कि साइबर क्राइम विभाग ने इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।
फिल्म के निर्माताओं की कानूनी टीम का प्रतिनिधित्व विजयन सुब्रमण्यम कर रहे हैं। उन्होंने अपने X (ट्विटर) अकाउंट पर लिखा, “साइबर क्राइम विभाग ने ‘जन नायकन‘ के लीक कंटेंट के अवैध प्रसार के मामले में पहले ही 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। कोई भी व्यक्ति अगर इस लीक सामग्री को डाउनलोड, फॉरवर्ड, शेयर या किसी भी रूप में सोशल मीडिया या डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फैलाता है, तो उसे ट्रेस कर तुरंत आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। सख्त कदम बिना किसी अपवाद के उठाए जाएंगे।”
यह भी पढ़ें: ‘वे स्वीकार नहीं कर पाए कि उनकी बहू मशहूर गायिका है’, जब पहली शादी में आशा भोसले को ससुराल में झेलना पड़ा था टॉर्चर
उन्होंने इस पोस्ट के साथ एक कानूनी नोटिस भी साझा किया, जो फिल्म लीक होने के बाद जारी किया गया था। यह नोटिस केवीएन प्रोडक्शंस की ओर से जारी किया गया था। इसमें लिखा था, “मैं केवीएन प्रोडक्शंस एलएलपी का कानूनी सलाहकार हूं और अपने क्लाइंट के निर्देश पर यह सार्वजनिक नोटिस जारी कर रहा हूं। मेरे क्लाइंट ‘जन नायकन’ के निर्माता हैं, जिसमें विजय मुख्य भूमिका में हैं, निर्देशन एच विनोद ने किया है और संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है। इस फिल्म पर सैकड़ों करोड़ रुपये का निवेश किया गया है और इसका थिएट्रिकल, सैटेलाइट, ओटीटी और कमर्शियल वैल्यू बहुत अधिक है।”
नोटिस में आगे कहा गया, “हमें बेहद हैरानी और गंभीरता के साथ यह जानकारी मिली है कि फिल्म के कुछ सीन अवैध रूप से एक्सेस, डाउनलोड, कॉपी और प्रसारित किए गए हैं, जिससे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर डिजिटल लीक का खतरा बढ़ गया है।”
नोटिस में दी गई चेतावनी
नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया, “व्हाट्सएप, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम, फेसबुक, एक्स, यूट्यूब वेबसाइट्स, टोरेंट या किसी भी डिजिटल माध्यम पर फिल्म के लीक सीन को डाउनलोड करना, शेयर करना, अपलोड करना या स्टोर करना एक गंभीर आपराधिक अपराध और कॉपीराइट उल्लंघन है। इसमें शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ व्यक्तिगत रूप से आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। हमारे क्लाइंट ने पहले ही उन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, जिन्होंने फिल्म के सीन को अवैध रूप से डाउनलोड और फॉरवर्ड किया था, और अन्य सभी दोषियों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है।”
फिल्म को लेकर चल रहा विवाद
‘जन नायकन‘ एच. विनोथ द्वारा निर्देशित और केवीएन प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित है। फिल्म में विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज, नारायण और प्रियामणि भी नजर आएंगे। यह एक पॉलिटिकल थ्रिलर फिल्म है, जो 9 जनवरी को रिलीज होने वाली थी, लेकिन CBFC से समय पर सर्टिफिकेट न मिलने के कारण इसे टाल दिया गया। यह फिल्म विजय की आखिरी फिल्म होगी, जिसके बाद वह पूरी तरह से राजनीति में सक्रिय हो जाएंगे।
