मशहूर डायरेक्टर और अभिनेता महेश मांजरेकर की पत्नी मेधा मांजरेकर को कैंसर हो गया है। इस बात की जानकारी खुद अभिनेत्री ने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर करते हुए दी है। हालांकि, इस मुश्किल समय में भी उन्होंने हार नहीं मानी और बताया कि कैसे उन्होंने अपने कैंसर के इलाज का एक अहम स्टेज सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। बता दें कि मेधा ‘दे धक्का’ और ‘नटसम्राट’ समेत कई फिल्मों में काम कर चुकी है।

मेधा ने किया इमोशनल पोस्ट

अभिनेत्री मेधा मांजरेकर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक लंबा-चौड़ा नोट लिखा और इस बीमारी के दौरान के अपने अनुभवों को खुलकर शेयर किया। उन्होंने लिखा कि कैंसर का पता चलने के बाद उन्हें सर्जरी, कीमोथेरेपी और रेडिएशन के बेहद कठिन दौर से गुजरना पड़ा। मेधा ने लिखा, “जिंदगी में कुछ सफर ऐसे होते हैं जो आपको हमेशा के लिए बदल देते हैं। मेरे लिए भी यह सफर ऐसा ही रहा।

यह भी पढ़ें: कुमार सानू के बेटे जान सानू को हुआ कोरोना, अस्पताल से वीडियो शेयर कर दिया हेल्थ अपडेट

अब जब मेरे इलाज का एक बड़ा चरण पूरा होने वाला है और मेरा जन्मदिन भी करीब है, तो मैं पीछे मुड़कर देखती हूं। लेकिन मुझे अपनी बीमारी, सर्जरी, कीमोथेरेपी या रेडिएशन याद नहीं आते। मुझे लोगों का प्यार, साथ और अपनापन याद आता है। लोग अक्सर मुझसे पूछते हैं कि आपने यह सब कैसे झेला? मेरा जवाब बहुत आसान है कि मैंने यह सफर कभी अकेले तय नहीं किया।”

कोई न कोई मेरे साथ खड़ा हो गया: मेधा

इसके आगे मेधा ने लिखा, “जब भी मुझे लगा कि अब मुझसे एक कदम भी आगे नहीं चला जाएगा, कोई न कोई मेरे साथ खड़ा हो गया। आज पीछे मुड़कर देखती हूं तो समझ आता है कि यह सिर्फ संयोग नहीं था, बल्कि भगवान का मुझे संभालने का तरीका था। इस सफर में मैंने महसूस किया कि भगवान हमेशा किसी दिव्य रूप में हमारे सामने नहीं आते। वह मेरे जीवन में मेरे गुरु, डॉक्टर, नर्स, परिवार, दोस्तों और यहां तक कि उन लोगों के रूप में आए जो पहले अजनबी थे, लेकिन बाद में मेरे लिए आशीर्वाद बन गए।

मेरे गुरुओं ने मुझे सिखाया कि समर्पण हार नहीं है, बल्कि विश्वास का सबसे बड़ा रूप है। जब मैंने खुद को भगवान के भरोसे छोड़ दिया, तब मैंने मेरे साथ ही क्यों? पूछना बंद कर दिया और यह मान लिया कि हर चुनौती के पीछे कोई न कोई उद्देश्य होता है। मेरी बेटियों के लिए… एक मां हमेशा सोचती है कि वह अपने बच्चों का हाथ थामे रखेगी। लेकिन इस सफर ने मुझे एहसास कराया कि एक समय ऐसा भी आता है जब बच्चे अपनी मां का हाथ थाम लेते हैं। मेरा हाथ पकड़ने और मेरा साथ देने के लिए धन्यवाद।”

मेधा ने पति महेश का किया धन्यवाद

मेधा ने पोस्ट में आगे लिखा, “महेश के लिए… हर पल मेरे साथ रहने के लिए धन्यवाद। कुछ सफर ऐसे होते हैं जिन्हें अकेले तय नहीं किया जा सकता और फिर मेरा अपना परिवार और दोस्तों का समूह… मेरी बहन, मेरी को-सिस्टर और मेरे प्यारे दोस्त। आप लोगों ने प्यार का मतलब ही बदल दिया। आप सिर्फ मेरे साथ खड़े नहीं रहे, बल्कि हर मुश्किल घड़ी में मेरे पास आए। आप मेरे घर आए, मेरे साथ समय बिताया, मुझे हंसाया, मेरे साथ प्रार्थना की, मेरा ध्यान बंटाया और यह सुनिश्चित किया कि मुझे अपने सबसे कठिन दिनों का सामना अकेले न करना पड़े।

आपमें से कुछ लोग तो सिर्फ मेरे साथ समय बिताने के लिए दूसरे देशों से भी आए। जब इलाज की वजह से मेरा खाने का मन नहीं करता था, तब भी किसी न किसी को पता होता था कि मैं क्या खा सकती हूं। कभी ढोकला, कभी नरम इडली, कभी गुलपापड़ी और जिस दिन अचानक पानी-पूरी खाने का मन हुआ, वह भी मिल गई। ये सिर्फ खाने की चीजें नहीं थीं, बल्कि प्यार से भरे हुए छोटे-छोटे तोहफे थे। मेरी एक दोस्त ने कहा कि मैं क्रैनबेरी जूस को शैंपेन ग्लास में पीकर देखूं। बस परोसने का तरीका बदला था, लेकिन सोचने का नजरिया भी बदल गया।”

बता दें कि मांजरेकर परिवार के लिए कैंसर से ये दूसरी बड़ी लड़ाई है। कुछ साल पहले खुद महेश यूरिनरी ब्लैडर कैंसर की चपेट में आ गए थे और साल 2021 में उन्होंने अपनी फिल्म की शूटिंग के दौरान कीमोथेरेपी ली और सर्जरी के बाद इस जानलेवा बीमारी से पूरी तरह ठीक हुए थे।

यह भी पढ़ें: Dhamaal 4 Box Office Collection: घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ‘धमाल 4’ ने किया 50 करोड़ का आंकड़ा पार, वर्ल्डवाइड 100 करोड़ कमाने के करीब फिल्म