साल 2025 में महाकुंभ से वायरल हुईं मोनालिसा ने शादी कर ली है। उनकी शादी को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जहां कई लोग उन्हें शादी की बधाई दे रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे साजिश और लव जिहाद से जोड़कर देख रहे हैं।

इसी बीच मोनालिसा की फिल्म ‘द मणिपुर डायरी’ के निर्देशक सनोज मिश्रा ने इस शादी को लेकर चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट लिखकर कहा कि मोनालिसा लव जिहाद का शिकार बन चुकी हैं। सनोज का दावा है कि मोनालिसा ने यह फैसला प्यार में नहीं बल्कि बहकावे में आकर लिया है और उनके मैनेजर ने उनका सौदा किया है।

सनोज मिश्रा ने अपने पोस्ट में लिखा, “ये बगावत नहीं, लव जिहाद है… और मेरी जिंदगी का सबसे बुरा दिन है।” उन्होंने आगे कहा कि महाकुंभ में वायरल होने के बाद मोनालिसा अपने डेरा महेश्वर लौट गई थीं। उन्हें मोनालिसा की सादगी और पवित्रता अच्छी लगी, इसलिए उन्होंने उन्हें ट्रेनिंग देकर फिल्म में अभिनेत्री बनाने की घोषणा की थी, जिसका देश-दुनिया में स्वागत हुआ था।

Award Banner

सनोज ने अपने पोस्ट में यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों को यह बात पसंद नहीं आई और उन्हें झूठे आरोपों में जेल भेज दिया गया। उनका कहना है कि जेल में रहते हुए उन्होंने अपनी फिल्म की कहानी लिखी और फिल्म पूरी भी की।

पोस्ट में उन्होंने यह भी दावा किया कि मोनालिसा की जिंदगी उतनी आसान नहीं है, जितनी बाहर से दिखाई देती है। उनके मुताबिक, मोनालिसा अपने परिवार और खासकर अपनी असली मां को लेकर कई बार भावुक होकर उनसे बात करती थीं।

सनोज ने आगे आरोप लगाया कि जिस शिक्षक को उन्होंने मोनालिसा को पढ़ाने के लिए रखा था, वही बाद में उनका मैनेजर बन गया और दलाल की तरह काम करने लगा। उनके मुताबिक, उसी ने मोनालिसा को बहकाकर यह कदम उठवाया।

मोनालिसा ने अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान के साथ इंटरफेथ मैरिज की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोनालिसा का परिवार इस शादी के खिलाफ था।

मोनालिसा का आरोप है कि उनके परिवार वाले उन पर शादी न करने का दबाव बना रहे थे और फरमान को धमकियां दे रहे थे। इसी वजह से उन्होंने घर छोड़ दिया और कोर्ट मैरिज कर ली।

कोर्ट में शादी करने के बाद मोनालिसा और फरमान खान ने तिरुवनंतपुरम के अरुमनूर नैनार मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों से भी विवाह किया। सामने आई तस्वीरों में मंदिर में फरमान मोनालिसा को सिंदूर लगाते और मंगलसूत्र पहनाते नजर आ रहे हैं। वहीं एक तस्वीर में दोनों कोर्ट में शादी रजिस्टर करते भी दिखाई दे रहे हैं।

मोनालिसा कौन हैं?

मोनालिसा का पूरा नाम मोनालिसा भोसले है। साल 2025 में महाकुंभ मेले में माला बेचते हुए उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसके बाद वह रातों-रात चर्चा में आ गईं। इसके बाद उन्हें कई म्यूजिक वीडियो और फिल्मों के ऑफर भी मिलने लगे।

मोनालिसा मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर की रहने वाली हैं।