Mahakali Trailer Release: अक्षय खन्ना की बहुप्रतिक्षित फिल्म ‘महाकाली’ का आधिकारिक ट्रेलर 24 अगस्त को रिलीज हो चुका है। अक्षय खन्ना का शु्क्राचार्य के रूप में फर्स्ट लुक पिछले हफ्ते ही सामने आ चुका था और अब उन्हें 2 मिनट 54 सेकेंड के ट्रेलर में देख फैंस खुश हो गए हैं।

आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ में लियारी के किंग रहमान डकैत का किरदार निभाने के बाद अब अक्षय आगामी पौराणिक एक्शन-एडवेंचर ड्रामा में असुरों के गुरु शु्क्राचार्य की भूमिका निभाते नजर आने वाले हैं।

यह भी पढ़ें: कौन थीं आशा सिंह जायसवाल? मीना कुमारी की आवाज की हूबहू नकल कर बनीं भारत की पहली महिला मिमिक्री आर्टिस्ट

ट्रेलर में अक्षय खन्ना को पहचानना काफी मुश्किल हो रहा है। लंबी सफेद दाढ़ी, जटाएं और पारंपरिक वेशभूषा में उनका लुक काफी दमदार नजर आ रहा है। वीडियो की शुरुआत धर्म और अधर्म के बीच एक जबरदस्त युद्ध से होती है।

कहानी में असुरों को पाताल लोक में भेज दिया गया था और 14 लोकों के रास्ते बंद कर दिए गए थे। शुक्राचार्य का मकसद है कि 14 दिनों के अंदर असुरों की जीत की आवाज फिर से गूंजे, ताकि वे हमेशा के लिए आजाद हो सकें।

ट्रेलर के आखिर में शुक्राचार्य रक्तबीज नाम के राक्षस को इंसानों का विनाश करने का आदेश देते हैं। लेकिन उनके सामने मां काली की शक्ति बड़ी चुनौती बनकर आती है। दोनों के बीच जबरदस्त युद्ध देखने को मिलेगा।

ट्रेलर में अक्षय खन्ना के इस नए अवतार को देखकर फैंस काफी उत्साहित हैं। सोशल मीडिया पर लोग उनकी एक्टिंग की जमकर तारीफ कर रहे हैं। किसी ने लिखा, दिन पर दिन अक्षय खन्ना बेहतर होते जा रहे हैं। तो किसी ने कहा कि अक्षय खन्ना ने इस रोल में जान डाल दी। एक फैन ने लिखा एक और ब्लॉकबस्टर आ रही है। जबकि दूसरे ने कहा कि महाकाली ट्रेलर देखकर रोंगटे खड़े हो गए।

‘महाकाली’, प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा है। इस यूनिवर्स की पहली फिल्म ‘हनुमान’ 2024 में रिलीज हुई थी। फिल्म को दर्शकों से खूब प्यार मिला और इसने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड बनाए। तेजा सज्जा स्टारर इस तेलुगु सुपरहीरो फिल्म ने दुनियाभर में कुल 295.29 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था। इसी यूनिवर्स का हिस्सा ‘जय हनुमान’ भी है और अब ‘महाकाली’ इस फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म बन गई है।

‘महाकाली’ का निर्देशन पूजा अपर्णा कोल्लुरु ने किया है, जबकि इसकी कहानी प्रशांत वर्मा ने लिखी है। यह सुपरहीरो फिल्म देवी काली पर केंद्रित होगी और इसकी कहानी बंगाल की पृष्ठभूमि में सेट की गई है। फिल्म में महिला सशक्तिकरण, आस्था और साहस जैसे विषयों को प्रमुखता दी जाएगी।

‘महाकाली’ को IMAX 3D में भी रिलीज करने की तैयारी है और मेकर्स इसे कई भाषाओं में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज करने की योजना बना रहे हैं।

फिल्म का संगीत स्मरण साई ने तैयार किया है। ‘महाकाली’ 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। RKD Studios द्वारा निर्मित इस फिल्म में अक्षय खन्ना के अलावा भूमि शेट्टी, रोहित सराफ, श्रीया रेड्डी, रजत कपूर और नासर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

इससे पहले TV9 तेलुगु को दिए एक इंटरव्यू में प्रशांत वर्मा ने ‘महाकाली’ के बारे में बात करते हुए कहा था कि उन्होंने अपने यूनिवर्स में एक नई शक्ति को जोड़ा है। उनके मुताबिक, कालिका देवी का स्वरूप सबसे भयानक बुराई से लड़ने के लिए सामने आएगा और फिल्म एक बार फिर यह साबित करेगी कि सुपरहीरो फिल्में कैसी होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें: शाहरुख खान के आशियाने ‘मन्नत’ में जुड़ेंगे नए फ्लोर, आनंद पंडित ने रेनोवेशन को लेकर दिया बड़ा अपडेट