माधुरी दीक्षित ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनकी लोकप्रियता सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है। अभिनेत्री इन दिनों मराठी क्विज शो ‘कोण होणार करोड़पति’ के आठवें सीजन को होस्ट कर रही हैं। इसके साथ ही वह इस शो की पहली महिला होस्ट बन गई हैं। माधुरी के होस्ट बनते ही शो की लोकप्रियता में जबरदस्त उछाल आया है और यह महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला शो बन गया है।
महाराष्ट्र में नंबर 1, देशभर में दूसरे नंबर पर शो
माधुरी दीक्षित के होस्ट बनने के बाद ‘कोण होणार करोड़पति’ ने दर्शकों के बीच अपनी मजबूत पकड़ बनाई है। यह शो महाराष्ट्र में नंबर 1 पर पहुंच गया है, जबकि पूरे भारत में सबसे ज्यादा देखे जाने वाले शोज की सूची में इसने दूसरा स्थान हासिल किया है। शो की व्यूअरशिप में महाराष्ट्र में 14 गुना और देशभर में 36 गुना तक बढ़ोतरी दर्ज होने का दावा किया गया है।
माधुरी की शानदार होस्टिंग और दर्शकों से उनका जुड़ाव शो की सफलता की बड़ी वजह माना जा रहा है। अपनी अदाकारी और दिलकश अंदाज से लोगों का दिल जीतने वाली माधुरी अब अपने होस्टिंग स्टाइल से भी दर्शकों को प्रभावित कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: माधुरी दीक्षित के केबीसी मराठी में आने वाले थे नाना पाटेकर, नहीं हो पाया मुमकिन, अब दिखेंगी सोनाली बेंद्रे
पहली बार किसी महिला कलाकार ने संभाली शो की कमान
‘कोण होणार करोड़पति’ के इतिहास में माधुरी दीक्षित का होस्ट बनना एक खास बदलाव है। उनसे पहले इस शो को सचिन खेडेकर, स्वप्निल जोशी और निर्देशक नागराज मंजुले जैसे पुरुष कलाकार होस्ट कर चुके हैं। अब माधुरी ने शो की कमान संभालकर एक नया अध्याय शुरू किया है।
क्विज शो का खास फॉर्मेट और माधुरी का अंदाज दर्शकों को पसंद आ रहा है। शो की बढ़ती लोकप्रियता बताती है कि अभिनेत्री ने होस्ट के तौर पर भी अपनी अलग पहचान बनाई है। पहली महिला होस्ट के रूप में माधुरी की यह उपलब्धि मराठी टेलीविजन के लिए भी एक खास पल है।
