बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत अदाकाराओं में से एक रहीं मधुबाला को आज भी याद किया जाता है। 50 के दशक की बेहतरीन एक्ट्रेसेज में से एक मधुबाला ने बहुत जल्दी दुनिया को अलविदा कह दिया था। मगर अपने परिवार समेत चाहनेवालों के दिलों में वह आज भी जिंदा हैं।
मधुबाला की बहन मधुर भूषण ने दिवंगत एक्ट्रेस को लेकर एक बार फिर बात की है। विक्की लालवानी को दिए इंटरव्यू में मधुर ने मधुबाला की मौत, कब्र, उनके जाने के बाद पिता के दर्द और दिलीप कुमार संग उनकी मोहब्बत पर चर्चा की। मधुर ने बताया कि मधुबाला को दफनाने के बाद उनके पिता ने उनकी कब्र पर इत्र डाला था। साथ ही उस पर संगमरमर का ढांचा भी बनवाया था। हालांकि पिता के जाने के बाद संगमरमर तोड़ दिया गया।
मधुर ने कहा कि उनके पिता अताउल्लाह खान एक सख्त इंसान थे। लेकिन वे अपने बच्चों से बहुत प्यार करते थे। उन्होंने बताया कि पिता को गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं थीं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने मधुबाला की कब्र पर जाना कभी नहीं छोड़ा।
उन्होंने कहा, ‘हम एक बहुत ही सख्त पिता के साए में बड़े हुए। लेकिन उन्होंने हमें अपार प्यार भी दिया। सालों तक अब्बा मधु आपा की कब्र पर जाते और रोते थे। मधु आपा के जिंदा रहते ही उन्हें तीन हार्ट अटैक और एक ब्रेन स्ट्रोक हो चुका था। वे गंभीर रूप से डायबिटिक भी थे। लेकिन उन्होंने कब्रिस्तान जाना कभी नहीं छोड़ा। वे वहां जाते, एक कुर्सी लगाते और उनकी कब्र के पास बैठ जाते।’
संगमरमर से बनी थी मधुबाला की कब्र
मधुर ने कहा कि उनके पिता ने मधुबाला की कब्र पर संगमरमर लगवाया था। उन्होंने बताया कि मुस्लिम परंपरा के अनुसार, कब्र के बीच के हिस्से को आमतौर पर खुला छोड़ दिया जाता है। लेकिन उनके पिता ने उनकी बहन की कब्र पूरी तरह से संगमरमर ढकवा दी थी।
अताउल्लाह खान के निधन के बाद संगमरमर के ढांचे को तोड़ दिया गया। मधुर ने कहा कि परिवार इस घटना से बहुत दुखी था और शुरू में उनका मानना था कि मधुबाला की कब्र का कोई नाम-ओ-निशान नहीं बचा है।
उन्होंने याद किया, ‘मेरे पिता ने इसे पूरी तरह से सील कर दिया था, किनारों के साथ-साथ बीच से भी। हमारी परंपरा में बीच का हिस्सा आमतौर पर खुला छोड़ दिया जाता है। लेकिन मेरे पिता ने मधु आपा की कब्र को पूरी तरह से ढक दिया था, ऊपर से और किनारों से। उनकी मौत के बाद इसे यह कहते हुए तोड़ दिया गया कि यह इस तरह नहीं रह सकता।’
एक ही कब्रिस्तान में हैं दिलीप और मधुबाला
मधुर ने कहा कि संगमरमर का ढांचा टूटने के बाद परिवार ने कब्र मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी। हालांकि बाद में किसी ने उन्हें बताया कि मधुबाला की कब्र अभी भी कब्रिस्तान में है।
उन्होंने कहा, ‘हमने उम्मीद छोड़ दी थी। हमें लगा कि कब्र तोड़ने के बाद आपा का कोई निशान नहीं बचा है। बाद में किसी ने मुझे बताया कि उनकी कब्र अभी भी कब्रिस्तान में है। जब मैं गई, तो उन्होंने मुझे दूर से इशारा करके दिखाया। वहां उनका नाम मधुबाला लिखा हुआ था।’
मधुर ने यह भी बताया कि कई दूसरी मशहूर हस्तियां भी उसी कब्रिस्तान में दफन हैं। उन्होंने आगे कहा, ‘दिलीप साहब की कब्र भी थोड़ी ही दूरी पर है, मात्र पांच या 10 मीटर पर। परवीन बॉबी भी वहीं दफन हैं। मोहम्मद रफी और नौशाद साहब भी वहीं हैं।’
कब्र को लेकर 2010 में हुआ था विवाद
मधुर भूषण ने यह किस्सा मुंबई के जुहू मुस्लिम कब्रिस्तान में कब्रों के पत्थरों को हटाने के विवाद के सालों बाद सुनाया है। फरवरी 2010 में यह बताया गया था कि मधुबाला, मोहम्मद रफी, नौशाद और साहिर लुधियानवी सहित कई हस्तियों की कब्रों को नई कब्रों के लिए जगह बनाने के लिए तोड़ दिया गया था। जमीन को लगभग तीन फीट मिट्टी से समतल करके कब्रों की एक और परत बनाई गई थी।
उस समय मधुर ने अपनी बहन के संगमरमर स्मारक को हटाने पर नाराजगी बयां की थी। उन्होंने कहा था कि उनके पिता ने कब्रिस्तान में महीने बिताए थे और कारीगरों से इसे बनवाया था। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया था कि आखिर परिवार को इसे बनाने की इजाजत ही क्यों दी गई थी। कब्रिस्तान के अधिकारियों ने जगह की कमी को संगमरमर का ढांचा हटाने का कारण बताया था।
अधूरी रही दिलीप-मधुबाला की मोहब्बत
मधुबाला और दिलीप कुमार की प्रेम कहानी के उस जमाने में खूब चर्चे थे। दोनों एक दूसरे के प्यार में पागल हुआ करते थे, मगर कभी एक नहीं हो पाए। कहा जाता है कि दिलीप और मधुबाला के पिता के बीच अनबन दोनों के रिश्ते के टूटने का कारण बनी थी। मधुबाला की बहन ने इंटरव्यू में बताया कि एक्ट्रेस ने दिलीप के सामने शर्त रखी थी कि अगर वह उनके पिता से माफी मांग लेंगे तो सब ठीक हो जाएगा। लेकिन दिलीप ने ऐसा करने से मना कर दिया था।
दोनों अलग हो गए, जिसके बाद मधुबाला ने किशोर कुमार से शादी की। दिलीप की शादी सायरा बानो से हुई थी। महज 36 साल की उम्र में दिल की बीमारी से जूझने के बाद मधुबाला ने दुनिया को अलविदा कह दिया था।
