सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की फिल्मों में कई सीनियर एक्ट्रेस ने यादगार रोल की भूमिका अदा की है। बिग बी संग स्क्रीन शेयर कर चुकी एक अभिनेत्री पंच तत्वों में वीलिन हो चुकी हैं। मधु मल्होत्रा को लंबी जुदाई गाने की एक्ट्रेस के रूप में भी पहचान मिली थी। 100 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुकी दिग्गज एक्ट्रेस ने 72 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। आइए उनके करियर की कुछ हिट और यादगार मूवीज के बारे में थोड़ी चर्चा करते हैं।

हिंदी सिनेमा की फिल्मों में 1980 से 1990 के बीच मधु मल्होत्रा ने कई यादगार किरदारों की भूमिका निभाई थी। हालांकि, लीड एक्ट्रेस के तौर पर उन्हें इंडस्ट्री में पहचान नहीं मिली, लेकिन वह कई सुपरहिट फिल्मों का हिस्सा रहीं। साइड रोल्स के जरिए ही उन्होंने लोगों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई। सोशल मीडिया पर फिल्ममेकर से लेकर दर्शक एक्ट्रेस को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

अमिताभ बच्चन की फिल्म में किया था काम

मधु मल्होत्रा ने सुभाष घई की सुपरहिट फिल्म हीरो (1983) के गाने लंबी जुदाई में काम किया था। अमिताभ बच्चन की ‘सत्ते पे सत्ता’, ऋषि कपूर की कर्ज और जैकी श्रॉफ की हीरो जैसी फिल्मों में भी उन्होंने काम किया। अमिताभ की फिल्म में उनका महत्वपूर्ण रोल था। सत्ते पे सत्ता फिल्म की कहानी 7 भाईयों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें सात लड़कियों के किरदार भी दिखाए गए हैं। उन्ही में से एक किरदार में अभिनेत्री मधु ने भूमिका निभाई थी। पर्दे पर उन्होंने कई किरदारों को जीवंत करने का काम किया। यही कारण है कि पुरानी फिल्मों के शौकीनों की जुबां पर उनके किरदारों के नाम हमेशा रहेंगे।

यह भी पढ़ें: ‘अगली बार गोली माथे पर मारेंगे…’ बादशाह को मिली लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी

मधु मल्होत्रा को लोगों के बीच असल पहचान सुभाष घई की फिल्म हीरो से मिली थी। जैकी श्रॉफ की फिल्म के गाने को मधु पर फिल्माया गया था। यह गाना हमेशा ही म्यूजिक लवर्स की जुबां पर रहता है। सीनियर एक्ट्रेस मधु मल्होत्रा का निधन 13 मार्च को हुआ और 14 मार्च को उनका अंतिम संस्कार किया गया। हालांकि, अभी तक उनकी मौत के पीछे की वजह सामने नहीं आई है।