ये वेलेंटाइन वीक चल रहा है, जिसमें प्यार, रोमांस की खूब बातें होती हैं। इस खास मौके पर प्यार के अलग-अलग रंग देखने को मिलते हैं। मगर क्या किसी ने ऐसा प्यार देखा है, जो समझ ही न आए। आज इस खबर के जरिए हम आपको एक ऐसी फिल्म के बारे में बताने जा रहे हैं जिसमें अपहरण, टॉक्सिक रिश्ता, रोमांस और प्यार को दिखाया गया है। अगर आपने अब तक ये फिल्म नहीं देखी तो इसे अपनी वॉचलिस्ट में रख लीजिए।

विवादित थी फिल्म

यह रोमांस और जुनून की परतों में लिपटी एक ऐसी कहानी है, जिसने रिलीज होते ही जबरदस्त विवाद खड़ा कर दिया था। साल 2020 में आई इस फिल्म ने आते ही तहलका मचा दिया। ओटीटी प्लेटफॉर्म Netflix पर स्ट्रीम होते ही यह ट्रेंड करने लगी और दर्शकों के बीच तेजी से चर्चा का विषय बन गई। हालांकि, जहां एक ओर इसे भारी लोकप्रियता मिली, वहीं दूसरी ओर इसके कंटेंट को लेकर तीखी आलोचनाएं भी झेलनी पड़ीं। प्यार और पजेशन के बीच की इस कहानी ने दर्शकों को बांट दिया। कुछ ने इसे बोल्ड और इंटेंस बताया, तो कुछ ने इसे खतरनाक और आपत्तिजनक करार दिया।

365 दिनों का अल्टीमेटम

फिल्म की कहानी लॉरा और मास्सिमो टोरिसेली के इर्द-गिर्द घूमती है। मास्सिमो, जिसका किरदार मिशेल मोरोन ने निभाया है, उन्हें एक प्रभावशाली और खतरनाक माफिया बॉस दिखाया है। जो लॉरा को किडनैप कर लेता है। लॉरा का किरदार अभिनेत्री अन्ना-मारिया सिएक्लुका ने निभाया है। मास्सिमो,लॉरा का अपहरण कर उसे 365 दिन अपने साथ रखता है। यहीं से शुरू होता है जुनून, पजेशन और प्यार का खेल।

यह भी पढ़ें: OTT vs Theatre: आखिर फिल्म से कौन करता है ज्यादा कमाई और कैसे चलता है पूरा खेल

पहली नजर में कहानी एक ‘डार्क फैंटेसी’ जैसी लगती है, लेकिन जैसे-जैसे कहानी बढ़ती हैं, दर्शक खुद से सवाल करने लगते हैं क्या जबरदस्ती के बीच पनपा रिश्ता सच में प्यार कहलाता है? फिल्म का अंत भी काफी इमोशनल है, लेकिन अगर आप 18 साल से कम उम्र के हैं तो ये फिल्म आपके लिए नहीं बनी है।

बोल्ड सीन और ग्लैमर की चमक

365 Days में बेहद बोल्ड और इंटीमेट सीन दिखाए गए हैं, जिसकी खूब चर्चा हुई थी। फिल्म भले ही जितनी भी बोल्ड हो, लेकिन आलीशान लोकेशन, हाई-फैशन कॉस्ट्यूम और सेंसुअल कैमरा वर्क ने इसे विजुअली काफी शानदार बना दिया है। यही कारण है कि फिल्म ने भारी व्यूअरशिप हासिल की। लेकिन आलोचकों का कहना है कि ग्लैमर और पैशन के बीच सहमति को दिखाना भी बेहद जरूरी है।

यह भी पढ़ें: इश्क, कुर्बानी और इंतजार: प्यार की वो दास्तां जिसने सरहदों को दी मात | Valentine Special

प्यार या पजेसिवनेस?

फिल्म में मास्सिमो का किरदार लॉरा के प्रति काफी ज्यादा पजेसिव और कंट्रोलिंग दिखाया गया है। जो उसके फैसलों यहां तक की लाइफ पर भी हावी रहता है। जिसके कारण उनके रिश्ते को ‘टॉक्सिक रोमांस’ का नाम दिया गया। मगर लॉरा को मास्सिमो का ऐसा करना ही आकर्षक लगता है और वो उसके प्यार में पड़ जाती है।

आलोचना और विवाद

रिलीज के बाद इस फिल्म पर यह आरोप लगे कि यह अपहरण और जबरन संबंध जैसी संवेदनशील बातों को रोमांटिक बनाकर दिखाती है। कई क्रिटिक्स ने इसकी तुलना ‘फिफ्टी शेड्स’ जैसी फिल्मों से की थी और कहा था कि ये उसी तर्ज पर बनी है लेकिन उससे भी ज्यादा विवादित है।