‘धुरंधर’ फिल्म को तमाम लोगों की तारीफ मिलने के बाद अब आखिरकार शत्रुघ्न सिन्हा ने भी इसे देख लिया है। आदित्य धर की चर्चित पीरियड ड्रामा स्पाई थ्रिलर फिल्म को देखने के बाद शत्रुघ्न ने इसकी जमकर तारीफ की है और साथ ही ‘धुरंधर’ को लेकर चल रही प्रोपेगेंडा वाली बहस पर भी अपनी राय रखी है।
सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने आधिकारिक हैंडल पर फिल्म को मास्टरपीस बताया। उनका कहना है कि फिल्म को किसी राजनीतिक चश्मे से नहीं, बल्कि सिनेमा के रूप में देखना चाहिए। उनके शब्दों में, “फिल्म तो फिल्म होती है अगर वह ईमानदारी और मेहनत से बनाई गई हो, तो उसका आनंद लेना चाहिए।”
‘धुरंधर‘ में भारतीय जासूस की भूमिका निभाने वाले रणवीर सिंह की तारीफ करते हुए सिन्हा ने लिखा, “वन एंड ओनली रणवीर सिंह इस किरदार में पूरी तरह फिट बैठते हैं।” बता दें कि रणवीर पहले उनकी बेटी और अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा के साथ फिल्म’लुटेरा’ में काम कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें: अध्यात्म की राह पर पूनम पांडे, वृंदावन में प्रेमानंद जी महाराज के की मुलाकात
सिन्हा ने संजय दत्त की भी तारीफ करते हुए उन्हें सुनील दत्त को याद किया और उन्हें एक योग्य पिता का योग्य बेटा बताया। वहीं अक्षय खन्ना के बारे में उन्होंने कहा कि वे अपने पिता विनोद खन्ना की विरासत से आगे बढ़कर अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।
फिल्म में पाकिस्तानी नेता जमी़ल जमाली की भूमिका निभाने वाले राकेश बेदी को उन्होंने केक पर आइसिंग बताया। साथ ही अक्षय खन्ना की पत्नी के रूप में नजर आईं सौम्या टंडन की मौजूदगी को भी प्रभावशाली कहा।
यह भी पढे़ं: फैसला सुनाने के लिए ‘द केरल स्टोरी’ देखना चाहती है कोर्ट, मेकर्स ने उठाये सवाल
बता दें कि ‘धुरंधर’ में आर माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन सहित अन्य कलाकार भी थे। फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अब तक की सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्म का रिकॉर्ड बनाया, जिसने 890 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की। यह वैश्विक स्तर पर भी चौथी सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्म है, जिसने 1300 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन किया है, जो केवल दंगल (2016), बाहुबली 2: द कंक्लूजन (2017) और पुष्पा 2: द रूल (2023) के बाद है।
