बॉलीवुड एक्टर गोविंदा की पत्नी सुनीता आहुजा इन दिनों कंट्रोवर्शियल रियलिटी शो लॉक अप सीजन 2 में दिखाई दे रही हैं। सुनीता आहुजा ने अपनी एंट्री के साथ ही इस शो में कई बड़े खुलासे किए हैं। एक्टर गोविंदा के बारे में भी सुनीता आहुजा ने काफी हैरान कर देने वाले किस्से साझा किए हैं।

अब ऐसे ही उनका एक क्लिप वायरल हो रहा है जिसमे सुनीता आहुजा ये कहती दिखीं है कि उन्होंने सालों तक गोविंदा के कई अफेयर्स को बर्दाश किया है। उनका हमेशा से मानना रहा है कि एक्टर्स की दुनिया में अफेयर्स होना काफी मामूली बात है। ये बात उन्होंने शो में एंट्री लेते समय भी कही थी।

पिछले साल से ही सुनीता आहुजा और गोविंदा का रिश्ता काफी सुर्खियों में है, सुनीता ने कई बार इस बात की तरफ इशारा किया था कि शादी के बाद भी एक्टर के अफेयर रहे हैं, हालांकि इन बातों पर कभी साफ तरीके से सुनीता आहुजा ने कुछ नहीं कहा था। अब सुनीता का कहना है कि आप अपने पार्टनर पर हर समय नजर नही रख सकते हैं। बता दें कि जब से वह लॉक अप शो में नजर आ रही हैं तभी से उनकी तरफ से गोविंदा से जुड़ी बातें सामने आई हैं।

‘मेरे साथ शुरू से ही बेवफाई होती रही’

श्रेया कालरा से बातचीत के दौरान सुनीता ने शादी में मिले धोखे पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “बेवफाई तो शुरू से ही होती रही है। आखिर वह हीरो थे, ऐसे में कोई कुछ कह भी नहीं सकता था। अब इस उम्र में अगर मैं हर बात का तनाव लूं, तो मेरी डायबिटीज बढ़ जाएगी। इसलिए मैंने सब कुछ वक्त पर छोड़ दिया और बच्चों के लिए आगे बढ़ती रही।”

इसी चर्चा के दौरान सुनीता आहूजा ने हर्षद चोपड़ा से कहा कि ‘आज भले ही लोग बेवफाई जैसे मुद्दों पर खुलकर बात कर रहे हैं, लेकिन चार दशक पहले ऐसा करना नॉर्मल नहीं था। उन्होंने कहा कि गोविंदा एक बड़े स्टार थे और उनके कई अफेयर्स की बातें सुनने को मिलती थीं, लेकिन उस दौर में महिलाओं को चुप रहना ही सिखाया जाता था। उन्हें यही समझाया गया था कि शादी के बाद ससुराल से लड़की की विदाई केवल उसकी अंतिम यात्रा के साथ ही होती है।

सुनीता आहुजा को निजी जिंदगी में स्पेस की जरूरत

जब सुनीता से पूछा गया कि क्या गोविंदा आज भी उन्हें धोखा देते हैं और क्या दोनों अलग रह रहे हैं, तो उन्होंने जवाब दिया, “क्या किसी को रोका जा सकता है? क्या मैं हर समय उनके सामने बैठी रहूं? ऐसा करने से सामने वाला भी परेशान हो जाएगा। अब मैं इन बातों पर ज्यादा ध्यान नहीं देती। हमारे दो घर हैं। उनसे मिलने कई लोग आते रहते हैं और मुझे भी अपनी निजी जिंदगी के लिए थोड़ा स्पेस चाहिए।” वहीं, जब श्रेया ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने कभी किसी और रिश्ते के बारे में सोचा या अब ऐसा महसूस करती हैं, तो सुनीता ने साफ कहा, “अब मेरी उम्र ऐसी चीजों की नहीं है और न ही मुझे इसमें कोई दिलचस्पी है।”

लॉक अप 2 में जाने से पहले सुनीता आहुजा ने स्क्रीन के साथ एक बातचीत में बताया था कि गोविंदा उनके पति है, वो उनके बारे में कुछ भी कहने का हक रखती हैं लेकिन शो में अगर किसी और ने गोविंदा या मेरे परिवार के लिए कुछ कहा तो वो चुप नहीं रहेंगी। वो बहुत सीनियर एक्टर हैं। मैं उनकी पत्नी हूं कोई तीसरा उनको कुछ नहीं बोल सकता है।

जब तलाक की खबरों पर दिया था दो टूक जवाब

बता दें कि कुछ समय पहले दोनों की तलाक की खबरें भी सामने आई थीं, जिसके बाद तलाक की अफवाहों पर सुनीता आहूजा ने अपनी चुप्पी तोड़ी थी। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि सोशल मीडिया पर लोग बिना वजह बातें बनाते हैं, लेकिन वह ऐसी अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय अपने परिवार पर फोकस करना पसंद करती हैं।

सुनीता ने कहा कि जब तक गोविंदा की मां जीवित थीं, वह काफी अलग स्वभाव के थे और आज भी एक अच्छे बेटे और भाई हैं। हालांकि, पति के रूप में उनकी कुछ इच्छाएं हमेशा अधूरी रह गईं। उन्होंने बताया कि उन्हें पार्टियों में जाना, डिनर करना और छुट्टियां मनाना पसंद है, लेकिन गोविंदा हमेशा परिवार की जिम्मेदारियां निभाने में इतने व्यस्त रहे कि उन्होंने कभी अपनी जिंदगी का खुलकर आनंद ही नहीं लिया।