भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली एक बार फिर इंस्टाग्राम पोस्ट लाइक करने को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। शुक्रवार को उन्होंने कथित तौर पर जर्मन इन्फ्लुएंसर लिजलैज़ की एक पोस्ट लाइक कर दी। हालांकि, जैसे ही यह मुद्दा सुर्खियों में आया वैसे ही पोस्ट अनलाइक कर दी गई। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया कि यह लाइक गलती से हुआ था या फिर किसी एल्गोरिदम की वजह से, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई।

अब इस मुद्दे पर खुद लिजलैज़ ने भी रिएक्ट किया है। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद अचानक लोग उन्हें नोटिस करने लगे और उनकी प्रोफाइल पर काफी ट्रैफिक बढ़ गया। उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए कहा, “यह बहुत ही अजीब था, क्योंकि मैं सुबह उठी और देखा कि मैं हर जगह खबरों में छाई हुई हूं।

मुझे तो यह भी नहीं पता कि उन्होंने फोटो कब लाइक की, मुझे इसके बारे में न्यूज के जरिए पता चला। कई लोगों ने मुझ पर बने आर्टिकल्स अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर देखे और मुझे डीएम में भेजे। आज भी मुझे बहुत सारे मैसेज आए, लोग इसे लेकर काफी एक्साइटेड थे।”

यह भी पढ़ें: कौन हैं लिजलैज़? विराट कोहली ने पोस्ट लाइक किया तो सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा

आरसीबी की फैन हैं लिजलैज़

इन्फ्लुएंसर का एक वीडियो भी फिर से वायरल हो रहा है, जिसमें वह विराट कोहली के लिए अपनी पसंद के बारे में बात करती नजर आ रही हैं और खुद को उनकी फैन बताती हैं। लिजलैज़ ने बताया कि यह दिलचस्पी पिछले साल उनकी भारत यात्रा के दौरान शुरू हुई, जब पहली बार क्रिकेट देखा। उस समय आईपीएल चल रहा था।

लिजलैज़ ने कहा, “पिछले साल आईपीएल था, तो मैंने अपने बेंगलुरु के दोस्तों के साथ मैच देखना शुरू किया। यह धीरे-धीरे आदत बन गई। मैं आरसीबी की फैन भी बन गई। और अगर आप आरसीबी को सपोर्ट करते हैं, तो विराट सबसे रोमांचक खिलाड़ी लगते हैं। वह बहुत शानदार हैं। इसलिए जब उन्होंने मेरी फोटो लाइक की, तो मुझे खुशी हुई।”

लिजलैज़ को लगा विराट के लिए बुरा

जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें इस बात से निराशा हुई कि बाद में उस पोस्ट से ‘लाइक’ हटा लिया गया, तो लिजलैज़ ने जवाब दिया, “नहीं, सच कहूं तो मुझे उनके लिए थोड़ा बुरा लगा। मैं बहुत खुश थी कि उन्होंने इसे लाइक किया, लेकिन फिर जब उन्होंने इसे अनलाइक कर दिया, तो मुझे उनके लिए थोड़ा बुरा लगा, क्योंकि मुझे खुद नहीं पता कि यह इतनी बड़ी खबर कैसे बन गई।

लोगों ने इसे कैसे नोटिस किया, उन्होंने इसे खबर कैसे बना दिया। शायद उनका ऐसा कोई इरादा नहीं था, लेकिन फिर भी मैं इसके लिए शुक्रगुजार हूं और उनके समर्थन की सराहना करती हूं।” उन्होंने आगे बात करते हुए कहा कि इस अचानक मिली अटेंशन की वजह से काम के नए मौकों के बारे में पूछताछ शुरू हो गई है और वह भारत में काम के मौके तलाशने के लिए तैयार हैं। लिजलैज़ ने जल्द ही दोबारा भारत आने की इच्छा भी जाहिर की है।

यह भी पढ़ें: ‘मुझे करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा’, मुकेश खन्ना ने बताया क्यों रणवीर सिंह को नहीं बनने दे रहे ‘शक्तिमान’, बोले- मैं पूरे देश में…