एक्ट्रेस लेखा वाशिंगटन ने शनिवार, 10 अक्टूबर को मुंबई में हुए सीजेपी के विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें उनके पार्टनर इमरान खान और एक्ट्रेस जैन मैरी समेत हिरासत में ले लिया था। अब लेखा ने इसपर खुलकर बात की है।

लेखा वाशिंगटन ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि कैसे वे तीनों अगस्त क्रांति मैदान में हिरासत में लिए गए दोस्तों का हाल जानने गए थे। लेकिन वहां पहुंचकर वो खुद पुलिस और मीडिया कर्मियों से जुड़ी एक तनावपूर्ण स्थिति में फंस गए।

एक्ट्रेस ने आरोप लगाया कि उन्हें और जैन को वर्दीधारी अधिकारियों ने पकड़ा था। इससे उन्हें चोटें आईं। फिर तीनों को एक गाड़ी में ले जाया गया। उन्हें बाद में उसी दिन रिहा भी कर दिया गया।

विरोध प्रदर्शन में क्या हुआ था?

लेखा ने कहा कि वह, इमरान, जैन मैरी, इमरान की मां, नुजहत और कुछ अन्य लोग शनिवार, 10 अक्टूबर को शाम करीब 5 बजे अगस्त क्रांति मैदान पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उनका इरादा यह पता लगाना था कि हिरासत में लिए गए दोस्तों के साथ क्या हुआ है।

उनके अनुसार, जब वे वहां पहुंचे तो कोई भीड़ नहीं थी। हालांकि इलाके में बैरिकेडिंग की गई थी और कई मीडियाकर्मी मौजूद थे। इमरान से पत्रकारों ने संपर्क किया और बताया कि वे वहां क्यों आए हैं। लेखा ने कहा, ‘उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि हमारी कोई मांग नहीं है, हम किसी संगठन का हिस्सा नहीं हैं, हम सिर्फ आम व्यक्ति हैं।’

लेखा ने कहा कि तेज सीटियों और उनके आसपास के हंगामे के कारण बातचीत बीच में ही कट गई, जिससे इमरान अपनी बात पूरी नहीं कर सके। उन्होंने आगे कहा, ‘इससे पहले कि वह अपनी बात पूरी कर पाते, एक तरफ मीडिया के दबाव के साथ और दुसर तरफ लगातार सीटी के शोर से चीजें बीच में अटक गईं।’

और पढ़ें: हेमा मालिनी ने मां दुर्गा बनकर हैदराबाद में किया परफॉर्म, दिव्य रूप देख फैंस हुए मंत्रमुग्ध

फिर एक्ट्रेस ने बताया कि कैसे स्थिति बिगड़ गई। लेखा ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने उन्हें और जैन को पकड़ा, जिससे उन्हें चोटें आईं, और फिर सबको जबरदस्ती एक वैन में बैठाया।

लेखा ने दावा किया कि उन्हें कुछ घंटों तक इधर-उधर घुमाया गया। बाद में उन्हें सार्वजनिक परिवहन लेने की भी अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने लिखा, ‘वर्दीधारी लोगों की एक भीड़ ने जैन और मुझे दोनों को पकड़ा। हमें चोटें पहुंचाईं। उन्होंने हम सभी को जबरदस्ती वैन में बैठाया। फिर हमें कुछ घंटों तक इधर-उधर घुमाया। उसके बाद उन्होंने हमें सार्वजनिक परिवहन लेने की अनुमति नहीं दी।’

अपनी पोस्ट में लेखा वाशिंगटन ने यह भी बताया कि वह और उनके साथी विशेषाधिकार प्राप्त स्थिति में हैं। उन्होंने कहा कि अन्य लोगों को कहीं ज्यादा बुरी परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा होगा। उन्होंने अपने निजी अनुभवों में मुंबई पुलिस की भूमिका को स्वीकार किया और कहा कि वह अभी भी उनकी इज्जत करती हैं।

अंत में लेखा ने कहा, ‘यह ध्यान रखना जरूरी है कि हम विशेषाधिकार प्राप्त स्थिति में हैं और दूसरों के साथ कहीं ज्यादा बुरा किया जा रहा है। मेरे व्यक्तिगत अनुभव में मुंबई पुलिस संतुलन की मिसाल रही है। मैं उनकी से सराहना करती हूं। मैं सभी के लिए समानता और सम्मान में विश्वास करती हूं। किसी न किसी मोड़ पर हमें सामूहिक रूप से सच बोलने के लिए अपनी आवाजें ढूंढनी ही होंगी। धन्यवाद।’

और पढ़ें: कव्वाली को दी अलग ऊंचाई, दुनियाभर में पाई पहचान, आज जेन जी के भी फेवरेट हैं नुसरत फतेह अली खान

जैन मैरी ने दिखाए चोट के निधान

शनिवार को इमरान खान, लेखा वाशिंगटन और जैन मैरी की ढेरों फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। इनमें तीनों को पुलिस वैन में ले जाते हुए देखा जा सकता था। बाद में तीनों ने पुष्टि की कि उन्हें रिहा कर दिया गया है। लेखा ने उसी शाम एक रील शेयर की ताकि लोगों को पता चल सके कि वे सुरक्षित हैं। उन्होंने एक इंस्टाग्राम स्टोरी भी पोस्ट की, जिसमें वह घर लौटने के बाद इमरान और जैन को गले लगा रही हैं।

जैन ने भी इंस्टाग्राम पर एक रील शेयर की थीं। इसमें एक्ट्रेस ने अपनी बांह, उंगलियों और पैरों पर चोटों और निशानों को दिखाया। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्हें ये चोटें आई हैं।

मुंबई विरोध प्रदर्शन किस बारे में था?

यह घटना अगस्त क्रांति मैदान में प्रदर्शनों के दौरान हुई, जहां प्रदर्शनकारी चुनावी मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

इसको लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुए हैं, जिनमें दिल्ली भी शामिल है।