कुछ गाने सिर्फ सुने नहीं जाते, वे पीढ़ियों के साथ जिए जाते हैं। ऐसा ही एक सदाबहार लोकगीत है ‘लौंग गवाचा’। जिसकी धुन में पंजाब की मिट्टी की खुशबू, लोकसंगीत की मिठास और बीते दौर की खूबसूरत यादें आज भी महसूस होती हैं। साल 1965 में आया यह गीत 61 साल बाद भी अपनी चमक बरकरार रखे हुए है। खास बात यह है कि इस गाने को एक से ज्यादा वर्जन में बनाया जा चुका है। जिसमें से अनुराधा पौडवाल के गाए वर्जन पर करीब 111 मिलियन व्यूज हैं।

“पीछे-पीछे आउंदा मेरी चाल वेहंदा आईं” के बोल जैसे ही कानों में गूंजते हैं, महफिल में चुपचाप बैठे शर्मीले लोग भी खुद को थिरकने से रोक नहीं पाते और देखते ही देखते डांस फ्लोर पर पूरे जोश के साथ भांगड़ा करते नजर आते हैं। इस गाने को लेकर ये सिलसिला काफी पुराना है और आज तक कायम है।

यह भी पढ़ें- ‘रातां लंबियां कालियां नी समिए, सम्मी मेरी वार…’, इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहा ये गाना, जानें क्या है इसका मतलब

यानी वक्त बदला, संगीत के रंग बदले, लेकिन ‘लौंग गवाचा’ की लोकप्रियता आज भी कम नहीं हुई। आखिर इस गीत में ऐसा क्या खास है कि आज भी महफिल सजते ही इसकी धुन दिल को छू जाती है? आइए, जानते हैं इस सदाबहार गीत की दिलचस्प कहानी।

‘लौंग गवाचा’ का मतलब

इस गाने में लौंग से मतलब किचन वाला मसाला नहीं, बल्कि महिलाओं द्वारा नाक में पहने जाने वाला एक पारंपरिक आभूषण से है। वहीं गवाचा मतलब पंजाबी में होता है खो जाना। गाने के पीछे की कहानी की बात करें तो इसमें एक लड़की अपने प्रेमी से कहती है कि रोटी देने या रास्ते से गुजरते वक्त उसका कीमती लौंग कहीं गिर गया है।

वह ताने मारते हुए और प्यार से प्रेमी को उसे ढूंढने के लिए कहती है। असल में लौंग खोना प्रेमी का ध्यान खींचने और उससे बात करने का एक बहाना होता है।

यह भी पढ़ें- 80 के दशक में सिर्फ मौज मस्ती में गाया हुआ गाना जो वक्त के साथ बन गया ब्लॉकबस्टर हिट

गाने का शानदार इतिहास

सोचिए कोई गाना कितना पसंद किया गया होगा, कि इसके एक से कई ज्यादा वर्जन बनाए गए। सबसे पहले ‘लौंग गवाचा’ को 1965 में मशहूर पंजाबी गायक मोहम्मद सादिक और गायिका सुरिंदर कौर ने रिकॉर्ड किया था। इस वर्जन के लेखक के बारे में कोई जानकारी मौजूद नहीं है। यह गीत पंजाब की लोक संस्कृति का हिस्सा रहा है, जिसे कई पीढ़ियों से शादियों और मेलों में गाया जाता रहा है।

पाकिस्तानी गायिका की आवाज में किया गया बेहद पसंद

1980 के दशक में मशहूर पाकिस्तानी गायिका और एक्ट्रेस मुसर्रत नजीर ने’लौंग गवाचा’ गाने को रिक्रिएट किया और अपनी आवाज में गाया। गाने के इस वर्जन के बोल ख्वाजा परवेज ने लिखे थे। इसे फिल्म 1987 की फिल्म दुलारी में भी फिल्माया गया। यहां से इस गाने को वो पहचान मिली जिसने इसे पूरी दुनिया में मशहूर कर दिया।

बॉलीवुड में कब हुई ‘लौंग गवाचा’ गाने की एंट्री

साल 1991 में एक फिल्म आई, जिसका नाम था ‘नागमणि’। इस फिल्म में इस मशहूर लोकगीत को अनु मलिक के संगीत निर्देशन और अनुराधा पौडवाल की आवाज में पेश किया गया। ‘लौंग गवाचा’ के इस वर्जन को भारत में बेहद पसंद किया गया और इस वर्जन के बोल गीतकार समीर ने लिखे थे।

गाने की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगा लीजिए कि इस वर्जन के यूट्यूब वीडियो पर 111 मिलियन व्यूज मौजूद हैं। उस जेनरेशन के लोगों को ये गाना काफी टच कर गया।

आज के जेनरेशन में कैसे मशहूर

ऐसा नहीं है कि कोई अब इसका पुराना वर्जन नहीं सुनता लेकिन जब न्यूक्लिया, बाली सग्गू, नेहा भसीन जैसे तमाम सिंगर्स ने इसे रिक्रिएट किया तो आजकर की जेनरेशन के बीच भी ये गाना उतना ही पसंद किया जाने लगा।

इस गाने पर तमाम तरह के रील्स, वीडियोज और सोशल मीडिया पोस्ट देखने मिलते रहते हैं। न्यूक्लिया के गाए वर्जन पर इस गाने के वीडियो पर करीब 25 मिलियन व्यूज हैं, तो वहीं नेहा भसीन के गाए वर्जन पर 15 मिलियन व्यूज दर्ज हैं।