एक वक्त पर काफी अच्छे दोस्त थे कुशा कपिला और समय रैना, लेकिन साल 2024 के अंत में एक कॉमेडी रोस्ट शो में समय ने जब आपत्तिजनक जोक्स कुशा के लिए बोले तो उसके बाद दोनों की दोस्ती का भी अंत हो गया। अब हाल ही में दोनों की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी।

साथ उन तस्वीरों पर यूजर्स के भद्दे कमेंट भी देखने मिले। इसमें समय रैना दो लोगों के साथ दिखाई दे रहे थे, दावा किया जा रहा था कि उनमें से एक कुशा कपिला हैं। इस पर इंफ्लुएंसर से एक्ट्रेस बनी कुशा ने सफाई दी है। उन्होंने साफ किया है कि उन तस्वीरों में दिखाई देने वाली लड़की वो नहीं बल्कि कोई और हैं।

यह भी पढ़ें- ‘कभी रामलीला में बने थे सीता’, प्राण के बारे में 5 अनसुनी बातें, भारतीय सिनेमा के सबसे यादगार विलेन

सोशल मीडिया पर प्लेटफॉर्म पर कई यूजर्स उन वायरल फोटोज और एक पोस्ट पर अपने रिएक्शन देते दिखाई दिए। जिसके बाद कुशा कपिला ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर वायरल पोस्ट और AI से बनाई गई सेल्फी शेयर करते हुए लिखा, “फेक और प्लांटेड।” उन्होंने बताया कि तस्वीर में उनका चेहरा AI की मदद से जोड़ा गया है। इस सेल्फी में समय रैना एक लाल टॉप पहने महिला के साथ नजर आ रहे हैं, लेकिन कुशा का कहना है कि तस्वीर में दिख रहा उनका चेहरा असली नहीं है।

कुशा ने एक्स पर हो रही ट्रोलिंग पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि कुछ लोग इस AI तस्वीर का इस्तेमाल कर यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि समय रैना की लोकप्रियता बढ़ने के बाद वह उनसे दोबारा दोस्ती करना चाहती हैं। उन्होंने लिखा, “लोग इस तरह की चीजों पर पैसे क्यों खर्च कर रहे हैं, यह मेरी समझ से बाहर है। मुझे नीचा दिखाने के लिए कुछ लोग किसी भी हद तक जा सकते हैं।”

यह भी पढ़ें- ‘मेरा 13 साल की उम्र में यौन शोषण हुआ था’…, राम कपूर ने लॉक अप 2 में किया चौंकाने वाला खुलासा

कुशा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ऐसे कई पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि हर जगह एक जैसी बातें और एक जैसा नैरेटिव उनके खिलाफ फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “यह कोई इंटरनेट विवाद नहीं है, बल्कि महिलाओं को कमतर दिखाने की कोशिश है। मैं अपनी बात रखती हूं और आगे भी रखती रहूंगी।” उन्होंने इस पूरी ट्रोलिंग को “बकवास” बताते हुए यह भी सवाल उठाया कि आखिर इसके पीछे पैसे कौन खर्च कर रहा है।

एक्ट्रेस ने अपनी बात रखते हुए इस बात की तरफ इशारा किया कि कोई उनके खिलाफ इस तरह का नैरेटिव फैलाने के लिए पैसे दे रहा है। अपनी अगली इंस्टाग्राम स्टोरी में कुशा कपिला ने समय रैना के साथ अपने रिश्ते को लेकर कुछ बातें साफ कीं। उन्होंने माना कि एक समय दोनों दोस्त थे, लेकिन चीजें तब बदल गईं जब दोनों आशिष सोलंकी के शो प्रिटी गुड रोस्ट शो में गेस्ट पैनलिस्ट के तौर पर शामिल हुए।

कुशा ने बताया कि शो के लिए उन्हें पहले से कोई स्क्रिप्ट नहीं दी गई थी, न ही कोई कॉन्ट्रैक्ट साइन कराया गया था और न ही मजाक या जोक्स पहले से साझा किए गए थे। उन्होंने कहा, “सब कुछ भरोसे के आधार पर हुआ था और मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि शो में मेरे बारे में क्या कहा जाने वाला है।” बता दें कि इस रोस्ट शो में ही समय ने कुशा की पर्सनल लाइफ पर काफी आपत्तिजनक जोक्स किए थे। जिसके बाद दोनों की दोस्ती खत्म हो गई।