साल 2004 में रिलीज हुई ‘हम तुम’, 2006 में आई ‘फ़ना’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके डायरेक्टर कुणाल कोहली ने हाल ही में यह दावा किया है कि फिल्म इंडस्ट्री अंदर ही अंदर ‘धुरंधर’ के फ्लॉप होने की उम्मीद कर रही थी। सिर्फ इतना ही नहीं, उन्होंने इंटरव्यू में यह भी बताया कि बॉलीवुड से किसी ने भी इस मूवी को सपोर्ट नहीं किया। बल्कि कुछ बड़े निर्देशक ने तो यह तक कह दिया था कि फिल्म सोमवार को बैठ जाएगी। चलिए आपको बताते हैं कि कुणाल कोहली ने क्या कहा है।
कुणाल कोहली ने किया दावा
आदित्य धर और रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ और इसके दूसरे पार्ट ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की। इस फ्रेंचाइजी ने कई बड़ी-बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ दिए और ब्लॉकबस्टर बन गई। दोनों ही फिल्मों को दर्शकों और कई मशहूर हस्तियों से खूब तारीफें मिली। हालांकि, बॉलीवुड के लोगों ने एक लंबे समय तक इसे लेकर कुछ नहीं कहा था। अब इस पर कुणाल कोहली ने रिएक्ट किया है।
यह भी पढ़ें: ‘क्या होगा अगर माता-पिता ही अच्छे न हों’, आलिया भट्ट ने बेटी राहा को लेकर पूछा सवाल, सद्गुरु ने दिया जवाब
स्क्रीन स्पॉटलाइट से बात करते हुए कुणाल ने कहा, “भले ही इंडस्ट्री किसी फिल्म को सपोर्ट न करे, फिर भी फिल्म चल जाती है। ‘धुरंधर’ को किसी ने सपोर्ट नहीं किया। जिन बड़े डायरेक्टर्स से मैंने बात की, उन्होंने कहा था कि सोमवार को फिल्म बैठ जाएगी, लेकिन सोमवार को तो फिल्म और ज्यादा चल गई।”
‘बॉर्डर 2’ पर बोले कुणाल
उन्होंने आगे बताया कि ऐसा ही हाल ‘बॉर्डर 2’ का भी रहा, जिसमें सनी देओल नजर आए थे। कुणाल ने कहा, “किसी ने ‘बॉर्डर 2’ को भी सपोर्ट नहीं किया। लोगों ने कहा कि दूसरे हफ्ते में फिल्म धीमी पड़ जाएगी, लेकिन इसने 300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली। इससे फर्क नहीं पड़ता कि इंडस्ट्री आपका साथ देती है या नहीं।”
बताया ‘हम-तुम’ फिल्म से जुड़ा किस्सा
फिल्ममेकर का मानना है कि हालात आज भी वैसे ही हैं जैसे दो दशक पहले थे, जब उनकी दूसरी फिल्म ‘हम तुम’ रिलीज हुई थी। उन्होंने याद करते हुए कहा, “उस समय भी बिल्कुल ऐसा ही था। Adlabs उन दिनों गिने-चुने मल्टीप्लेक्स में से एक था और वहां गुरुवार को प्रीव्यू शो होता था। ‘हम तुम’ का प्रीव्यू भी गुरुवार रात रखा गया था। आदित्य चोपड़ा ने मुझसे कहा था कि मैं वहां न जाऊं, क्योंकि इंडस्ट्री के लोग जो फिल्म देखने आएंगे, वे इसे समझ नहीं पाएंगे।”
चूंकि ‘हम तुम’ के लिए कोई ट्रायल शो नहीं रखा गया था, इसलिए कोहली फिल्म की रिलीज से ठीक पहले इंडस्ट्री के लोगों का रिएक्शन जानना चाहते थे। उन्होंने कहा, “मैं वहां गया और वहां मौजूद लोगों को फिल्म पसंद नहीं आई। मैं इतना निराश हो गया कि मैंने आदि को फोन किया।
उसने कहा कि मैंने तुमसे कहा था कि मत जाओ, क्योंकि मुझे पता है कि यह उनके टाइप की फिल्म नहीं है।” तो, इंडस्ट्री के 99 प्रतिशत लोग नहीं चाहते कि तुम कामयाब हो। हालांकि, हुआ यह कि सैफ अली खान और रानी मुखर्जी स्टारर फिल्म ‘हम तुम’ न सिर्फ एक कमर्शियल हिट बनी, बल्कि एक यादगार रोमकॉम भी साबित हुई।
