ओवैसी की पार्टी AIMIM उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष शौकत अली एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। मूल रूप से यूपी के आजमगढ़ के रहने वाले शौकत अली के खिलाफ संभल में केस भी दर्ज हो गया है। दरअसल, शौकत अली ने एक कार्यक्रम में कहा कि ‘मुसलमानों ने इस देश पर 832 वर्षों से ज्यादा समय तक हुकूमत किया और हिंदू हमारे बादशाह के सामने हाथ जोड़कर जी-हुजूरी करते थे। बादशाह अकबर ने सभी को बराबर का हक दिया था’।
शौकत ने कहा- ‘हमारे बादशाह अकबर ने तुम्हारी बहन जोधाबाई से शादी कर मल्लिका-ए-हिंदुस्तान बनाया था। भाजपा अब मस्जिद, मदरसे और मुसलमानों को निशाना बना रही है।’ शौकत अली के इसी बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। अब इस पर कुमार विश्वास ने तंज कसा है।
कुमार विश्वास ने क्या लिखा?
जाने-माने कवि डॉ. कुमार विश्वास ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘हर एक काम सलीक़े से बांट रक्खा है, इन लोगों ने। ये तेल छिड़केंगे, वे माचिस दिखाएंगें।’ उन्होंने एक जूते वाला इमोजी भी साझा की।
यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
कु्मार विश्वास के ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। अक्षय नाम के यूजर ने लिखा कि ‘कुछ ऐसा ही तेल का छिड़काव आपकी शायर बिरादरी द्वारा भी होता रहा है, उसपर भी बोलें। इक़बाल, कैफ़ी, राहत, मुनव्वर ने भी कम जहर नही बोया। आप अपना घर भी साफ करें।’ एक यूजर ने लिखा कि ‘सर, अगर इनकी जगह कोई हिंदूवादी नेता होता तो तकलीफ हो गई होती और उसे जेल हो जाती। इन पर कार्रवाई नहीं हो सकती क्या?’ एक यूजर ने लिखा कि ‘एक तरफ से तो नफरत को बढ़ावा देने का दौर चल रहा है।’
हैदर नाम के यूजर ने लिखा कि ‘इनकी वजह से देश में शांति नहीं रह सकती। इनको पिसती गरीब जनता की कोई फिक्र नहीं है। इन्हें दंगे में मजा आता है।’ संतोष नाम के यूजर ने लिखा कि ‘शौकत अली जैसे गिने चुने हैं लेकिन इन्हें सुनने वाली भीड़, इनकी भडकाऊ बातों पर ताली बजाने वाले लोग हजारों और लाखों में होते हैं।’