भारत की राजधानी दिल्ली में नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म रामायण का एक भव्य इवेंट देखने मिला। इस इवेंट में पहली बार फिल्म के सभी किरदारों को जनता के सामने रू ब रू कराया गया। रणबीर कपूर और अरुण गोविल समेत फिल्म की पूरी टीम यहां मौजूद रही।
इस इवेंट में होस्टिंग कर रहे कवि कुमार विश्वास ने फिल्म से जुड़ा एक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि एक बार रणबीर कपूर ने उन्हें फोन करके ये पूछा कि राम आखिर कौन हैं। इस सवाल के जवाब में कुमार विश्वास ने एक्टर को शानदार जवाब दिया।
यह भी पढ़ें- ‘रामायण’ से जुड़ी 5 अहम बातें, रणबीर, साई समेत मेकर्स ने सभी किरदार किए रिवील, सनी देओल के स्टेज पर निकले आसूं
इस इवेंट के दौरान कुमार विश्वास ने बताया कि फिल्म में भगवान राम का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर और माता सीता की भूमिका निभा रहीं साई पल्लवी ने अपने-अपने किरदार को बेहद मासूमियत और श्रद्धा के साथ समझने की कोशिश की।
कुमार विश्वास ने बताया कि शूटिंग के दौरान जब भी रणबीर कपूर किसी दुविधा में फंसते थे, तो वह उन्हें फोन करते या उनके बातें सुनते थे। रणबीर ने मंच पर कहा, “जब भी मैं किसी उलझन में होता था, मैं आपको फोन करता या आपके लेक्चर सुनता था। आप हमेशा कहते थे, ‘यार, टेंशन मत ले, राम पर भरोसा रख। सब अच्छा होगा।'”
इस दौरान कुमार विश्वास ने एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि एक दिन रणबीर कपूर ने उनसे बेहद सरल लेकिन गहरा सवाल पूछा कि “राम भगवान हैं या इंसान?” कुमार विश्वास के मुताबिक, इस सवाल पर दोनों के बीच करीब एक घंटे तक चर्चा हुई। बातचीत खत्म होने पर उन्होंने रणबीर से पूछा कि क्या उन्हें जवाब समझ आया। इस पर अभिनेता ने कहा, “अब सब समझ गया हूं। राम ही सब कुछ हैं। राम पूरी धरती हैं।”
इस इवेंट में मेकर्स ने फिल्म के ट्रेलर की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी, जिस दौरान सभी को उनके फोन बंद करने की सलाह दी गई। रणबीर कपूर ने अरुण गोविल का सम्मान करते हुए कहा कि उन्होंने वर्षों तक भगवान राम के किरदार को जिस ईमानदारी, गरिमा और खूबसूरती से निभाया, वह उनके लिए प्रेरणा है।
रणबीर ने कहा, “अगर मैं आपके निभाए राम का थोड़ा-सा भी असर अपने किरदार में ला पाया, तो मेरी मेहनत सफल हो जाएगी। बचपन से मैंने भगवान राम को आपकी छवि के साथ ही देखा है। हम आपसे बहुत प्यार करते हैं। हर चीज के लिए आपका धन्यवाद।”
इस खास कार्यक्रम में फिल्म के सह-निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी ने पूरी स्टारकास्ट से सभी को मिलवाया। फिल्म में रणबीर कपूर (राम), साई पल्लवी (सीता), यश (रावण), सनी देओल (हनुमान), अरुण गोविल (दशरथ), रवि दुबे (लक्ष्मण), शोभना (कैकयी), रकुल प्रीत सिंह (शूर्पणखा), कुणाल कपूर (देवराज इंद्र), अजिंक्य देव (विश्वामित्र) समेत कई कलाकार दिखाई देंगे।
