समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ को लेकर हुआ विवाद अब शांत हो चुका है, लेकिन इसके कारण समय रैना और रणवीर इलाहबादिया को काफी आलोचनाओं और कानूनी पचड़ों का सामना करना पड़ा था। देश के तमाम लोगों ने उनके खिलाफ हमला बोला, उनपर कई एफआईआर दर्ज हुईं। अब कवि कुमार विश्वास ने इस पूरे विवाद को लेकर अपनी राय दी है।

कर्ली टेल्स के साथ खास बातचीत में कुमार विश्वास ने कहा कि समय रैना और शो में जो भी उनके साथी थे, उनसे गलती हो गई, लेकिन इतनी बड़ी सजा देना गलत था।

उन्होंने कहा, “जरा-जरा सी बात पर भावनाएं आहात हैं, छोटे-छोटे बच्चे अपना शो कर रहे हैं, हो गई गलती। ठीक है उन्हें समझा दो, बच्चे हैं पैदा हुए हैं अभी। हो गई होगी गलती, दो थप्पड़ मारो- ओ बदतमीज लड़के बकवास मत करो। इसे सही करो, जी कर लेंगे, समझ आ जाएगी। आप एफआईआर करवा रहे हो। 150-200 एफआईआर करवा रहे हैं। मुख्यमंत्री उनके खिलाफ बयान दे रहे हैं।”

कुमार विश्वास ने आगे कहा, “उसने क्या कर दिया है, देशद्रोह कर दिया है? नक्शा बेच दिया है आपके परमाणु और यंत्र… 11 साल 12 साल की बच्ची के साथ रेप होता है जब आपकी भावनाएं आहत नहीं होती। आपकी सड़क के किनारे ट्रक लगाकर रिश्वत ले रहा होता है दरोगा पांच सिपाहियों को लेकर, आप वहीं से कार लेकर गुजर रहे होते हो। आपकी भावनाएं आहत नहीं होती। घुटने टेक रहे होते हैं सबके सामने, आपकी भावनाएं आहत नहीं होती।”

यह भी पढ़ें: विजय देवरकोंडा की नई फिल्म का ऐलान, ‘हाय नन्ना’ के डायरेक्टर शौर्यव संग करेंगे काम

‘किसी ने कोई बात बोल दी, किसी धर्म की बात, कोई समाज की बात, किसी की जाति की बात, वो आपने उठाली। मार देंगे- जला देंगे। उसकी मां रो रही है बाप रो रहा है। आप सरकार के खिलाफ बोलिए, उनके चारों तरफ के जो लोग हैं वो आपको गाली बकेंगे। आप विपक्ष की किसी असक्षमता पर सवाल उठाइये कि आप कुछ कर नहीं रहे हो तो फिर विपक्ष वाले आपको गाली बकेंगे। आप जाति पर टिप्पणी नहीं कर सकते, आप धर्म पर टिप्पणी नहीं कर सकते आप क्षेत्र पर नहीं कर सकते…’

कुमार विश्वास ने कहा कि अब मोटे पतले पर जोक नहीं बना सकते, जानवरों पर बोले तो भावनाएं आहत हो जाती हैं। अब किसी भी मुद्दे पर बात करना सही नहीं रहा है।

पहले कुमार विश्वास ने समय रैना-रणवीर इलाहबादिया पर किया था कटाक्ष

पिछले साल जब समय रैना के शो को लेकर विवाद हुआ था, कुछ दिन बाद कुमार विश्वास ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया था। जिसमें उन्होंने कथित तौर पर रणवीर इलाहबादिया और समय रैना पर तंज कसा था।

उन्होंने वीडियो में कहा था, “हाल ही में एक शो में काफी गंदगी परोसी गई। उस चैनल ने मुझसे संपर्क किया और कुछ दोस्तों ने भी मुझसे प्रतिक्रिया देने को कहा, लेकिन मैंने चुप रहना बेहतर समझा। उन बच्चों में से एक ने मेरे साथ पॉडकास्ट किया था। वो मुझे अच्छा लगा और यहां तक कि भावुक हो गया। उसने कहा कि मेरे सामने उसे रोने जैसा महसूस हो रहा है।”

इसके बाद उन्होंने कवि कालिदास का जिक्र करते हुए ये भी कहा था कि महाकवि ने ने देवी पार्वती के अपर्णा व्रत, भगवान शिव से उनकी मुलाकात और फिर उनके विवाह तक की कथा लिखनी शुरू की थी। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन जैसे ही कालिदास ने उनके निजी पलों का वर्णन करना शुरू किया, कथा का स्वर बदल गया। कहा जाता है कि उसी समय देवी पार्वती ने देवी सरस्वती का आह्वान किया और पूछा कि यह मूर्ख कौन है, जो माता-पिता जैसे पूजनीय पात्रों के अंतरंग पलों का वर्णन कर रहा है।