अपनी कविताओं, शायरी और गीतों के लिए मशहूर कवि डॉ. कुमार विश्वास राम कथा भी सुनाते हैं। बीते दिनों कुमार ‘अपने अपने राम’ कार्यक्रम के लिए सूरत में थे। कथा के मंच पर उन्होंने बताया कि अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद तमाम लोग उनसे उनकी प्रतिक्रिया जानना चाहते थे। इसपर उन्होंने बेहद दिलचस्प जवाब दिया था।
कुमार विश्वास बताते हैं, ”जब सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आया तो लोगों ने मुझसे पूछा कि आप किसे बधाई देंगे। सुप्रीम कोर्ट को बधाई देंगे, वकीलों को बधाई देंगे या संघर्ष को बधाई देंगे? मैंने कहा कि मैं स्वयं को बधाई दूंगा कि राम ने हमे इस काबिल चुना कि हम बच्चे उनके घर में 2 ईंट लगाने के काबिल हो सके।”
कुमार विश्वास का एक और वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो भारत के बारे में बात कर रहे हैं। कुमार कह रहे हैं,”मेरा सबसे हाथ जोड़कर निवेदन है, भारत नामक संस्कृति एक रहल है (वो स्टैंड जिसपर धार्मिक किताब रखी जाती है)। इसके ऊपर गीता भी रखी है, मानस भी, बाइबल, कुरान व गुरुग्रंथ साहब भी विराजमान हैं। लेकिन मू0र्खों अगर अपनी-अपनी चेष्ठा में इस रहल को तोड़ने की कोशिश करोगे तो तुम्हारी धाार्मिक पुस्तकें भी जमीन पर गिर जाएंगी। उन्हें उठाने वाला भी कोई नहीं होगा।”
कुमार विश्वास का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं। आरोही त्रिपाठी ने लिखा,”आपसे हमेशा ही प्यार है सर, आपका एक-एक शब्द अर्थपूर्ण होता है। अपने-अपने राम का तो पता नहीं, लेकिन अजकल कथा भागवत के नाम पर पता नहीं क्या ही शुरू है। बहुत बहुत धन्यवाद सर।”
वहीं अरुण कुमार नाम के यूजर ने लिखा,”BJP में चले आओ…. छोड़ो शर्म का पर्दा।” एक यूजर ने लिखा,”राम तो कण कण में हैं। ये आडम्बर में आप भी बह चले कविवर? ये चोला व्यापारियों ने रचा, आप भी समा गए या व्यापार की चिंता छाई कविवर?”
आपको बता दें कि कुमार विश्वास हिंदी कवि, वक्ता और सामाजिक-राजनैतिक कार्यकर्ता भी हैं। वो आम आदमी पार्टी के नेता रह चुके हैं। उनकी कविताएं युवाओं द्वारा काफी पसंद की जाती हैं। वो ट्विटर पर काफी एक्टिव रहते हैं और अपने विचार खुलकर सबसे सामने रखते हैं।