साल 1981 में आई फिल्म ‘लव स्टोरी’ उस दौर की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक थी। इस फिल्म ने कुमार गौरव और विजेता पंडित को रातोंरात स्टार बना दिया था। पर्दे पर दोनों की मासूम लव स्टोरी और शानदार केमिस्ट्री को दर्शकों ने इतना पसंद किया कि उनकी जोड़ी हर तरफ चर्चा में आ गई। फिल्म की सफलता के साथ-साथ दोनों की नजदीकियां भी बढ़ने लगीं और जल्द ही उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई।

शादी तक पहुंच गई थी बात

विजेता पंडित ने कई इंटरव्यू में बताया है कि शूटिंग के दौरान दोनों एक-दूसरे से बेहद प्यार करने लगे थे। उनके मुताबिक, कुमार गौरव ने उनसे शादी का वादा भी किया था। दोनों अपने रिश्ते को लेकर गंभीर थे और भविष्य साथ बिताने की बातें करते थे। विजेता को पूरा भरोसा था कि वह एक दिन कुमार गौरव की दुल्हन बनेंगी।

परिवार को मंजूर नहीं था यह रिश्ता

लहरें रेट्रो को दिए इंटरव्यू में विजेता पंडित ने दावा किया था कि कुमार गौरव के पिता, दिग्गज अभिनेता और निर्माता राजेंद्र कुमार इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे। विजेता ने कहा था कि राजेंद्र कुमार चाहते थे कि उनके बेटे की शादी किसी बड़े परिवार में हो। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके और कुमार गौरव के रिश्ते की वजह से उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में काम मिलने में भी मुश्किलें आने लगीं और उनके करियर पर इसका असर पड़ा।

जब अचानक टूट गया रिश्ता

विजेता पंडित का कहना था कि उन्हें पूरा विश्वास था कि कुमार गौरव उनसे ही शादी करेंगे, लेकिन अचानक सब कुछ बदल गया। उनके मुताबिक, बिना किसी जानकारी के कुमार गौरव ने संजय दत्त की बहन नम्रता दत्त से शादी करने का फैसला कर लिया। विजेता ने कहा कि इस खबर ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया था। उन्हें इस बात से बड़ा झटका लगा था। उन्होंने कई बार कहा है कि उस दौर से उबरने में उन्हें काफी समय लगा।

यह भी पढ़ें: राजेंद्र कुमार के कारण अधूरा रह गया विजयता पंडित और कुमार गौरव का प्यार? एक्ट्रेस बोलीं- उन्हें अपने बेटे के लिए अमीर लड़की चाहिए थी

विजेता पंडित ने कहा था कि राजेंद्र कुमार ने हमारे रिश्ते को स्वीकार नहीं किया। कुमार अपने पिता की बात नहीं टाल सकते थे, इसलिए हमारा रिश्ता खत्म हो गया।

हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि ये सभी बातें विजेता पंडित के व्यक्तिगत दावे हैं। कुमार गौरव ने इन आरोपों पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

रीमा कपूर से भी जुड़ा था नाम

बहुत कम लोग जानते हैं कि नम्रता दत्त से शादी से पहले कुमार गौरव का नाम राज कपूर की बेटी रीमा कपूर के साथ भी जुड़ा था। दोनों की सगाई तक हो गई थी, लेकिन किसी कारण यह रिश्ता शादी तक नहीं पहुंच सका और सगाई टूट गई। इसके बाद कुमार गौरव की जिंदगी में नम्रता दत्त आईं और दोनों ने शादी कर ली।

रीमा के साथ रिश्ते को लेकर भी विजेता ने बताया था कि वो कुमार गौरव और रीमा की सगाई में मौजूद थीं। उन्होंने देखा कि रीमा कपूर ने कुमार गौरव के हाथ में हीरे की बड़ी अंगूठी पहनाई। विजेता के मुताबिक, कुमार गौरव ने उनसे कहा था, “अगर तुम्हें यह अंगूठी पसंद नहीं है, तो मैं इसे फेंक दूंगा।” विजेता का कहना था कि यह सुनकर वह वहां से चली गईं।

उन्होंने यह भी दावा किया कि सगाई के बाद भी कुमार गौरव उनसे मिलते रहे और उनसे शादी का वादा करते रहे। हालांकि बाद में उन्हें पता चला कि कुमार गौरव नम्रता दत्त के भी करीब आ गए थे। विजेता ने यह भी कहा कि रीमा कपूर और कुमार गौरव की सगाई टूटने में उनका कोई हाथ नहीं था।

यह भी पढ़ें: स्टार किड के साथ प्यार में पड़कर बर्बाद हुआ था इस एक्ट्रेस का करियर, कर दिया जाता था फिल्मों से बाहर | CineGram

नम्रता दत्त के साथ बसाया घर

कुमार गौरव ने आखिरकार नम्रता दत्त से शादी की, जो अभिनेता संजय दत्त की बहन हैं। शादी के बाद उन्होंने फिल्मी दुनिया से धीरे-धीरे दूरी बना ली और अपने परिवार पर ध्यान देना शुरू कर दिया। कुमार गौरव और नम्रता की दो बेटियां हैं।

विजेता ने की दो शादियां

वहीं बात विजेता की करें तो उनकी पहली शादी फिल्म निर्देशक समीर मल्कान से हुई थी, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला। इसके बाद उन्होंने जाने-माने म्यूजिक कंपोजर आदेश श्रीवास्तव से दूसरी शादी की। उनके दो बेटे हैं- अवितेश और अनिवेश श्रीवास्तव। सितंबर 2015 में कैंसर के कारण आदेश श्रीवास्तव का निधन हो गया। जिसके बाद विजेता ने कई इंटरव्यू में अपने बेटों के करियर के साथ-साथ कुमार गौरव के साथ रिश्ते पर खुलकर बात की।