बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन इन दिनों अपनी हालिया रिलीज मूवी ‘कॉकटेल 2’ की सफलता का आनंद ले रही हैं। इसके अलावा वह अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में बनी हुई हैं। दरअसल, हाल ही में अभिनेत्री ने यह खुलासा किया है कि वह अपने एग्स फ्रीज करवा चुकी हैं और उन्होंने इसकी वजह भी बताई है।

ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे ने कृति से पूछा कि क्या उन्हें कभी महिलाओं की बायोलॉजिकल क्लॉक यानी बढ़ती उम्र के साथ मां बनने के दबाव के बारे में चिंता होती है, क्योंकि उनसे अक्सर शादी की योजनाओं को लेकर सवाल किए जाते हैं। इस पर कृति ने कहा, “मैं पहली बार यह बात कह रही हूं। मैंने अपने एग्स फ्रीज करवाए दिए थे।”

यह भी पढ़ें: रोहन ठक्कर संग शादी के बंधन में बंधी अर्जुन कपूर की बहन अंशुला, जान्हवी और खुशी ने लगवाया सिंदूर

कृति ने अपने फैसले के बारे में विस्तार से बात करते हुए कहा, “एक समय ऐसा था जब मैं सोच रही थी कि मैं कभी भी इस दबाव में नहीं रहना चाहती कि मुझे अभी शादी करनी है या अभी बच्चे पैदा करने हैं क्योंकि समय निकल रहा है। चाहे शादी हो या बच्चे, ये फैसले तभी लेने चाहिए जब आप अंदर से इसके लिए तैयार हों। सिर्फ किसी तय उम्र या दबाव की वजह से नहीं।”

साथ ही कृति ने माना कि यह प्रक्रिया काफी महंगी होती है और हर कोई इसे नहीं कर सकता। उन्होंने कहा, “मैं खुद को खुशकिस्मत मानती हूं कि मैं इसका खर्च उठा सकी, इसलिए मैंने यह फैसला लिया।” अभिनेत्री ने बताया कि उन्होंने यह काम बहुत सोच-समझकर उस समय किया, जब उन्हें फिल्म ‘मिमी’ के लिए वजन बढ़ाने को कहा गया था।

कृति ने कहा, “बहुत समझदारी से मैंने इसे उसी समय कराया, क्योंकि ‘मिमी’ के लिए मुझे वजन बढ़ाना था। इस प्रक्रिया से शरीर में सूजन भी आ सकती है और मैं वैसे भी वजन बढ़ा रही थी। किसी ने मुझे सलाह दी थी कि अगर आप कर सकते हैं, तो यह अपने लिए सबसे अच्छा तोहफा है। यह बात मेरे दिमाग में चल रही थी। फिर जब मुझे वजन बढ़ाने के लिए कहा गया, तो मैंने सोचा कि मेरे पास दो महीने हैं, कोई शूटिंग नहीं है और मुझे सिर्फ वजन बढ़ाना है। ऊपर से फिल्म सरोगेसी पर थी, इसलिए मैंने यह कर लिया।”

हार्मोनल बदलाव की वजह से हुई परेशानी

कृति ने बताया कि एग फ्रीजिंग की प्रक्रिया आसान नहीं थी। अभिनेत्री ने कहा, “एक समय ऐसा आता है जब हार्मोनल बदलाव की वजह से काफी परेशानी महसूस होती है। लगभग गर्भवती महिला की तरह मूड स्विंग्स बहुत ज्यादा हो जाते हैं।” हालांकि, कृति को खुशी है कि उन्होंने यह फैसला लिया।

एक्ट्रेस ने आगे अपनी बात जारी रखते हुए कहा, “मैं खुश हूं कि मैंने यह किया, क्योंकि अब मेरे दिमाग में समय निकलने का डर नहीं है। मैं अपनी जिंदगी के सबसे अहम फैसले सिर्फ किसी घड़ी या उम्र के दबाव में नहीं लेना चाहती। जब लोग पूछते हैं कि शादी कब कर रही हो, तो असल में उनका सवाल होता है कि बच्चे कब होंगे।

महिलाओं के शरीर की प्रकृति ऐसी है कि एक उम्र के बाद स्वस्थ तरीके से गर्भधारण करना और बच्चे का स्वस्थ होना ज्यादा मुश्किल हो सकता है। इसलिए मैंने अपने मन की बात सुनकर यह फैसला लिया। मैं इसका खर्च उठा सकती थी, इसलिए मैंने यह किया। यह आसान प्रक्रिया नहीं थी, लेकिन मेरे लिए इसकी कीमत वसूल थी।”

यह भी पढ़ें: EXPRESSO: ‘सत्ता व्यवस्था पर उठाती है सवाल’, पार्वती थिरुवोथु ने की पृथ्वीराज सुकुमारन की फिल्म को लेकर बात, कहा- यह मेरी जिंदगी…