करण जौहर के टॉक शो ‘कॉफी विद करण 9’ के लेटेस्ट एपिसोड में सैफ अली खान और करीना कपूर गेस्ट बनकर आए। इस दौरान उन्होंने अपनी प्रोफेशनल लाइफ, लव लाइफ और खासतौर पर सैफ पर हुए जानलेवा हमले के बारे में खुलकर बात की। करीना ने उस रात के खौफनाक मंजर के बारे में वो बातें बताई जो अब तक किसी को नहीं पता थी।

16 जनवरी 2025 को सैफ और करीना के मुंबई स्थित घर पर एक घुसपैठिए ने घुसकर अभिनेता पर चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले में सैफ बुरी तरह जख्मी हो गए थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था और उनकी छह घंटे की सर्जरी करनी भी हुई थी। अब ‘कॉफी विद करण’ में करीना ने बताया कि इस घटना के बाद वो इतना डर गई थीं कि करीब 6 महीने तक ठीक से सो नहीं पाईं।

बेटे तैमूर को हो गया था पिता को खोने का डर

इतना ही नहीं करीना ने ये भी बताया कि तैमूर इतना डर गए थे कि उन्हें लगने लगा था कि कहीं उनके पिता की मौत न हो जाए। करण जौहर ने बताया कि हमले की खबर मिलने के बाद उन्होंने सबसे पहले सैफ के बच्चों सारा अली खान और इब्राहिम अली खान से बात की थी। वह उसी दिन करीना से मिलने भी पहुंचे थे। करण ने कहा कि इस पूरी घटना ने परिवार को बुरी तरह झकझोर दिया था।

सैफ ने बताया सदमे में था परिवार

सैफ ने भी बताया कि ऑपरेशन के बाद जब उन्हें होश आया तो परिवार के सदस्य उनके पास मौजूद थे। उन्होंने कहा, “इब्राहिम बहुत परेशान था। मैंने उसे इस तरह अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए पहले कभी नहीं देखा था। वह रो रहा था और बहुत गुस्से में था। वह उस शख्स को पकड़ना और उससे बदला लेना चाहता था।”

करण ने यह भी कहा कि अस्पताल से बाहर निकलते समय सैफ काफी शांत और सहज नजर आ रहे थे। उनकी इस प्रतिक्रिया के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें और साजिश की थ्योरी सामने आने लगी थीं। इस पर करीना ने हैरानी जताई।

सड़क पर ऑटो रिक्शा रोकने के लिए चीख रही थीं करीना

बातचीत के दौरान सैफ और करीना ने हमले से जुड़ी कई बातों पर खुलकर चर्चा की। करण ने पूछा कि आखिर सैफ अस्पताल कैसे पहुंचे थे? इस पर करीना ने बताया कि सैफ खुद अस्पताल नहीं गए थे, बल्कि उनके बेटे इब्राहिम और घर के कर्मचारी हरि उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे थे।

यह भी पढ़ें: सैफ अली खान को आखिरकार मिल ही गया देसी घी का भंडार, फनी वीडियो किया शेयर

इसके बाद सैफ ने उस रात का एक डरावना किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि करीना आधी रात को सड़क पर ऑटो रिक्शा रोकने के लिए चिल्ला रही थीं। सैफ ने मजाकिया अंदाज में कहा, “मैंने नाइट टी-शर्ट पहनी हुई थी। शुक्र है कि किसी ने इसका वीडियो नहीं बनाया, करण। मैं सड़क पर चिल्ला रहा था। करीना कह रही थीं, ‘रुको, रुको।’ यह किसी फिल्म के सीन जैसा था। मेरे पास पायजामा पहनने तक का समय नहीं था। मैं ऐसे ही सड़क पर भागा था।”

करीना ने भी उस पल को याद करते हुए बताया कि उन्होंने सिर्फ टी-शर्ट पहनी हुई थी, जो थाईज तक आ रही थी। वह बदहवास हालत में ऑटो रिक्शा रोकने की कोशिश कर रही थीं, जबकि सैफ के शरीर से खून बह रहा था।

तैमूर ने पूछा था- अब्बा मरने वाले हैं क्या?

करीना ने बताया कि जब उन्होंने लिफ्ट में सैफ को देखा तो वह बुरी तरह घबरा गई थीं। उन्होंने सैफ से कहा, ‘ऐसा मत करो।’ वहीं, उस वक्त नौ साल के तैमूर ने अपने पिता को देखकर पूछा, ‘अब्बा, क्या आप मरने वाले हैं?’ करीना ने बताया कि उन्होंने सैफ की तरफ देखा और सैफ ने उन्हें इशारे से समझाया कि उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए।

सैफ ने बताया कैसे किया हमलावर का सामना

सैफ ने हमले की रात का जिक्र करते हुए बताया कि घुसपैठिए से भिड़ने के दौरान उसने उन पर करीब 10 बार चाकू से वार किया था। अभिनेता ने कहा कि जब उन्होंने हमलावर को अपने बेटे के ऊपर चाकू लेकर खड़ा देखा तो वह गुस्से से भर गए।

सैफ ने बताया कि उनकी गर्दन पर गहरे और लंबे घाव आए थे। हमले के दौरान चाकू का एक टूटा हुआ हिस्सा उनकी पीठ में भी फंस गया था। उन्होंने कहा कि अगर चाकू थोड़ा बेहतर होता तो शायद उनकी जान चली जाती। करीना ने भी बताया कि अगर चाकू एक मिलीमीटर और अंदर चला जाता तो सैफ की मौत हो सकती थी। अभिनेता ने यह भी खुलासा किया कि चोट की वजह से उनकी रीढ़ की हड्डी प्रभावित हुई थी और उनके पैर में कुछ सेंसेज कम हो गई थीं।

जेह ने सैफ को दी थी प्लास्टिक की तलवार

सैफ ने छोटे बेटे जेह की प्रतिक्रिया के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि घटना के बाद जेह ने उन्हें अपनी प्लास्टिक की तलवार देते हुए कहा था, ‘अगली बार चोर आए तो इससे उसका मुकाबला करना।’

सैफ ने मजाक में कहा कि जेह ने पूरी घटना देखी थी, इसलिए अब वह उन्हें अपना बड़ा रक्षक समझता है। करीना ने बताया कि यह उनके जीवन का सबसे मुश्किल दौर था। हमले के बाद वह करीब छह महीने तक ठीक से सो नहीं पाई थीं। उन्होंने कहा कि सैफ उस दौरान काफी शांत थे, जबकि वह खुद बुरी तरह टूट गई थीं।

16 जनवरी 2025 को हुआ था सैफ पर हमला

बता दें कि 16 जनवरी 2025 की रात करीब दो बजे एक घुसपैठिया मुंबई स्थित सैफ अली खान के घर में घुस आया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसने एक करोड़ रुपये की मांग की थी और सैफ-करीना के छोटे बेटे जेह के कमरे में पहुंच गया था।

अपने बेटे की सुरक्षा के लिए सैफ ने घुसपैठिए का सामना किया। इस दौरान हमलावर ने उन पर चाकू से कई वार किए। इसके बाद उन्हें ऑटो रिक्शा से लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी करीब छह घंटे तक सर्जरी हुई। हमले के पांच दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी।