विपुल अमृतलाल शाह के प्रोडक्शन में बनी फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ की रिलीज इस समय कानूनी पेच में फंसी हुई है। फिल्म पर केरल राज्य की छवि को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगे हैं, जिसके चलते मामला केरल हाई कोर्ट पहुंचा। ये फिल्म 27 फरवरी को रिलीज होनी थी, जो अब नहीं हो पाएगी। बुधवार को कोर्ट में सुनवाई के दौरान फैसला गुरुवार की सुनवाई पर टाला गया था। अब कोर्ट ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक कोर्ट अंतिम निर्णय नहीं दे देता, तब तक फिल्म के राइट्स जारी न किए जाएं।

अदालत ने यह भी माना कि याचिकाकर्ता की आशंकाएं “पूरी तरह निराधार नहीं” हो सकतीं, इसलिए एहतियात के तौर पर रिलीज पर अस्थायी रोक लगाना जरूरी है।

दिलचस्प मोड़ यह है कि इस बीच केंद्र सरकार ने फिल्म के पक्ष में अपना रुख स्पष्ट किया है। केंद्र की ओर से पेश वकील ने सेंसर बोर्ड के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि फिल्म से ‘पब्लिक ऑर्डर’ को कोई खतरा नहीं है और न ही यह राज्य को नकारात्मक रूप में पेश करती है। साथ ही, उन्होंने रचनात्मक अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हवाला देते हुए कहा कि फिल्ममेकर्स को अपनी कहानी कहने का अधिकार है।

बुधवार को टाली गई थी सुनवाई

बता दें कि पहले इन याचिकाओं पर 25 फरवरी को सुनवाई हुई थी, लेकिन मेकर्स और कोर्ट के बीच तालमेल नहीं बैठ पाया। बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, सुबह की सुनवाई में कोर्ट ने ‘द केरल स्टोरी 2‘ देखने की इच्छा जताई। जज ने कहा कि जब मेकर्स फिल्म को सच्ची घटना पर आधारित बता रहे हैं और राज्य के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो अदालत के लिए कंटेंट देखना जरूरी है। उस समय मेकर्स की ओर से स्क्रीनिंग के लिए सहमति जताई लेकिन बाद में उन्होंने मना कर दिया।

यह भी पढ़ें:विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी पर ऋषभ शेट्टी ने साधी चुप्पी

दोपहर में जब सुनवाई दोबारा शुरू होने पर निर्माताओं के वकील ने पहले यह तय करने की मांग की कि याचिका निजी है या जनहित से जुड़ी। इस पर जस्टिस थॉमस ने टिप्पणी की कि मेकर्स कोर्ट को फिल्म दिखाने के इच्छुक नहीं लगते। मेकर्स ने अपनी सफाई पेश की और उन्होंने याचिकाओं का भी विरोध किया था। किसी निर्णय पर ना पहुंच पाने के कारण सुनवाई आज के लिए टाली गई थी। अब The Kerala Story: Goes Beyond फिल्म की रिलीज पर कोर्ट की अगली सुनवाई का इंतजार करना होगा। मेकर्स ने फिल्म को लेकर हो रहे विरोध पर क्या कहा उसे जानने के लिए यहां क्लिक करें…