अभिनेत्री नोरा फतेही और संजय दत्त की फिल्म ‘केडी: द डेविल’ का गाना ‘सरके चुनर तेरी सरके’ अपने आपत्तिजनक बोल और कोरियोग्राफी की वजह से काफी विवादों में घिरा हुआ है। इसकी वजह से इस गाने को यूट्यूब और दूसरे स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म से भी हटा दिया गया है। सिर्फ इतना ही नहीं, इसकी वजह से राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस मामले में संज्ञान लेते हुए नोरा और संजय को नोटिस जारी किया था।
अब फिल्म के डायरेक्टर प्रेम ने इस पर अपना रिएक्शन दिया है। प्रेम ने हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए कहा कि इस गाने के बोल कन्नड़ में लिखे गए थे। उन्हें गाने के हिंदी वर्जन की पूरी समझ नहीं थी। इसके अलावा प्रेम ने यह भी कहा कि ऐसे समय में ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच युद्ध, एलपीजी की समस्या जैसे जरूरी मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए न की गाने को लेकर विवाद खड़ा करने की कोई जरूरत है।
क्या बोले डायरेक्टर प्रेम
निर्देशक ने कहा, “मुझे कॉन्ट्रोवर्सी में कोई दिलचस्पी नहीं है। यह एक इमोशनल फिल्म है और यह गाना बस एक मजेदार पार्टी नंबर के तौर पर बनाया गया था।” उन्होंने बताया कि इस गाने को कर्नाटक और केरल में काफी पसंद किया गया और उनका इरादा इस गाने से कोई मुसीबत खड़ी करने का नहीं था। डायरेक्टर ने साफ किया कि जहां ओरिजिनल कन्नड़ लिरिक्स उन्होंने लिखे थे, वहीं हिंदी वर्जन का अनुवाद लिरिक्स राइटर रकीब आलम ने किया था।
उन्होंने माना कि उन्हें उन शब्दों के बारे में ठीक-ठीक पता नहीं था, जिनकी वजह से बाद में आलोचना हुई। प्रेम ने बताया कि कन्नड़ वर्जन बिना किसी दिक्कत के पास हो गया था। डायरेक्टर ने कहा, “मैं हिंदी में बहुत फ्लुएंट नहीं हूं, इसलिए मैं अनुवाद की गई लाइनों को पूरी तरह समझ नहीं पाया। मैं एक ऐसे गांव से आता हूं, जहां ‘नीचे मत गिराओ, उठाओ’ जैसे जुमले रोजमर्रा की बोलचाल का हिस्सा हैं।”
दुनिया में बड़ी समस्या है: प्रेम
लास्ट में प्रेम ने बताया कि गाने की विवादित लाइनों को अब बदल दिया गया है और इसका बदला हुआ वर्जन सेंसर बोर्ड को भेजा जाएगा। डायरेक्टर ने अफसोस जाहिर करते हुए माफी मांगी। उन्होंने आगे कहा, “एक बड़ी फिल्म में लिरिक्स से जुड़ी एक छोटी सी बात को बेवजह बहुत बड़ा मुद्दा बना दिया गया है। दुनिया में इतनी बड़ी-बड़ी समस्याएं हैं- युद्ध है, एलपीजी गैस की समस्या है, तो फिर क्यों एक गाने पर इतनी बड़ी कंट्रोवर्सी खड़ी कर दी गई।” बता दें कि यह मूवी 30 अप्रैल को रिलीज होने वाली है।
यह भी पढ़ें: अभिनेत्री हर्षिल कालिया की सड़क हादसे में मौत, डिवाइडर से टकराई कार
