KBC 18: ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के सीजन 18 का पहला एपिसोड सोमवार, 10 अगस्त को प्रसारित हुआ। शो में इस बार सनी देओल, आमिर खान और प्रीति जिंटा, होस्ट अमिताभ बच्चन के साथ हॉट सीट पर नजर आए। यह एक खास एपिसोड था, जिसमें तीनों कलाकार अपनी आने वाली फिल्म ‘बटवारा 1947’ का प्रमोशन करने पहुंचे थे। शो में जीती गई रकम एक चैरिटी फाउंडेशन को दान की जानी थी।
एपिसोड के दौरान तीनों कलाकार 25 लाख रुपये के 13वें सवाल पर अटक गए। यह सवाल एक मशहूर हिंदी-उर्दू शायर से जुड़ा था, जिनका हिंदी फिल्म इंडस्ट्री और अमिताभ बच्चन से भी खास कनेक्शन रहा है।
सवाल था- ‘कभी किसी को मुकम्मल जहां नहीं मिलता, कहीं जमीन कहीं आसमां नहीं मिलता’ ये मशहूर पंक्तियां किस उर्दू शायर ने लिखी थीं?
इसके ऑप्शन थे-
A. अकबर इलाहाबादी
B. जॉन एलिया
C. निदा फ़ाज़ली
D. फ़ैज़ अहमद फ़ैज़
ऑप्शन देखने से पहले ही प्रीति जिंटा ने दावा किया कि ये पंक्तियां फिल्म ‘मिर्जा गालिब’ में थीं। आमिर खान ने भी उनकी बात पर सहमति जताई। हालांकि, ऑप्शन देखने के बाद उन्हें जल्द ही एहसास हो गया कि वे गलत दिशा में जा रहे हैं।
उस समय उनके पास सिर्फ एक लाइफलाइन बची थी- ‘महाफ्लिप’। इस लाइफलाइन के तहत कंटेस्टेंट मौजूदा सवाल को बदल सकते हैं। इसके बाद उन्हें दो नए सवाल दिए जाते हैं, जिनमें से उन्हें किसी एक का जवाब देना होता है।
क्या था इस सवाल का सही जवाब?
तीनों ने इस लाइफलाइन का इस्तेमाल किया और इस सवाल को छोड़ दिया। हालांकि, अमिताभ बच्चन ने जब उनसे अनुमान लगाने के लिए कहा तो उन्होंने फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ को जवाब चुना, जो गलत था। इस सवाल का सही जवाब निदा फ़ाज़ली था।
दरअसल, ये मशहूर पंक्तियां निदा फ़ाज़ली ने अपनी किताब के लिए लिखी थीं। बाद में उनकी इस कविता को 1981 में रिलीज हुई फिल्म ‘अहिस्ता अहिस्ता’ के लिए गजल में बदला गया। इस गजल का संगीत खय्याम ने दिया था, जबकि इसे आशा भोसले और भूपिंदर सिंह ने अपनी आवाज दी थी।
