कॉकरोच जनता पार्टी आज 20 जुलाई को संसद तक मार्च कर रही है, जिसमें लगभग 12000 से ज्यादा लोग शामिल हुए हैं। इस मार्च के दौरान जब प्रदर्शनकारियों ने नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश की तो पुलिस और आरएएफ के जवानों ने लाठीचार्च कर दिया। लेकिन यह ठीक वैसा ही हुआ है, जिसका अंदेशा टीवी अभिनेत्री और ‘एफआईआर’ शो फेम कविता कौश‍िक ने लगाया था। दरअसल, बीते दिन एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए दिल्ली पुलिस से अपील की थी कि मेरे देश के बच्चों पर हाथ मत उठाना।

क्या बोलीं कविता कौशिक

अभिनेत्री ने वीडियो शेयर करते हुए कहा, “दिल्ली पुलिस आप लोगों से एक निवेदन करना था। एक बात है कि आप लोगों के भी तो परिवार होंगे न… मां-बाप, बच्चे, भाई-बहन, रिश्तेदार, तो कल को भगवान न करे कि उन्हें कोई मेडिकल इमरजेंसी हो और उन्हें कोई फर्जी डॉक्टर न मिले, बल्कि एक रियल डॉक्टर उनकी जान बचा सके। इसलिए ये बच्चे प्रोटेस्ट कर रहे हैं। तो जो भी हो मेरे देश के बच्चों पर, नगरिकों पर हाथ मत उठाना।

यह भी पढ़ें: मेसी की हार पर छलका अमिताभ बच्चन का दर्द, बोले- हर चैंपियन के जीवन में ऐसा दिन आता है

हर्ट मत करना उनको। बस इतना ही कहना है अपने बल का प्रदर्शन इनके सामने मत करना। आदेश चाहें जो भी हो आपका भी तो एक मन है, एक दिमाग है एक कॉन्‍श‍ियस है, उस अंतरात्मा की आवाज का ही इस्तेमाल करना। मेरे देश के बच्चों पर हाथ मत उठाना। बस यही निवेदन करना है, थैंक यू।”

मार्च के लिए पुलिस ने नहीं दी अनुमति

बता दें कि आज ही संसद में मानसून सत्र का पहला दिन भी है, वहीं जंतर-मंतर से संसद तक CJP के प्रस्तावित मार्च के लिए पुलिस ने कोई अनुमति नहीं दी। नई दिल्ली के डीसीपी सचिन ने साफ किया है कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू है, इसलिए विरोध प्रदर्शन केवल जंतर-मंतर के निर्धारित स्थल पर पूर्व अनुमति के साथ ही किए जा सकते हैं।

संसद मार्च का हिस्सा बनीं शबाना आजमी

बॉलीवुड अभिनेत्री भी सोमवार को इस संसद मार्च का हिस्सा बनीं। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, “हम लोग यहां बिल्कुल शांतिपूर्ण प्रोटेस्ट करने के लिए आए हैं। जो हमारे मुल्क का संविधान हमको हक देता है उस हक को बयां करने आए हैं। महात्मा गांधी जी ने हमको सिखाया था कि किस तरह से शांतिपूर्ण प्रोटेस्ट होता है। इस बुनियाद पर हम आए हैं और हमारा कोई इरादा नहीं है कि किसी भी तरह की कोई हिंसा हो।”

यह भी पढ़ें: ‘इस आंदोलन को बिगाड़ने की हर षड्यंत्र रची जाएगी’, CJP के संसद मार्च से पहले विशाल ददलानी ने किया पोस्ट