अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट किया जाने वाला शो कौन बनेगा करोड़पति के 18वें सीजन की शुरूआत हो चुकी है। शो में बिग बी ने अपने पहले कंटेस्टेंट का स्वागत किया जिसका नाम बबलू कुमार पंडित था। ये खिलाड़ी 25 लाख रुपये के सवाल का सही जवाब देने के बाद 50 लाख के सवाल पर आऊट हो गया लेकिन इसकी अमिताभ बच्चन के साथ बातचीत चर्चा का विषय बन गई।
यह भी पढ़ें- ‘टॉम क्रूज को मुझ पर क्रश है’, मल्लिका शेरावत ने किया दावा, बोली- फोन होता तो उसके वीडियोज दिखाती
दरअसल, बबलू कुमार पंडित ने बिग बी के सामने उनके बेटे अभिषेक बच्चन की तारीफ करते हुए ऐसा कॉम्प्लिमेंट दे डाला कि अमिताभ भी हैरान रह गए। बबलू ने बिग बी के प्रति अपना प्यार और सम्मान जाहिर करते हुए अभिषेक बच्चन की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने अमिताभ बच्चन से कहा कि अगर अभिषेक अभिनेता नहीं होते, तो वह एक बेहतरीन बिजनेसमैन बन सकते थे।
इतना ही नहीं, बबलू ने अभिषेक की एक्टिंग की भी खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि ‘द बिग बुल’ और ‘आई वॉन्ट टू टॉक’ में अभिषेक ने जिस तरह का शानदार अभिनय किया, उसे देखकर वह बेहद इंप्रेस हुए। यहां तक कि उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कह दिया कि इन फिल्मों में अभिषेक ने जो किया, उसे शायद अमिताभ बच्चन भी पीछे नहीं छोड़ सकते।
बबलू कुमार की ये बात सुनकर बिग बी भी हैरान हो गए और साथ ही काफी खुश भी हुए। बबलू कुमार ने 13 सवालों के सही जवाब देने के बाद 50 लाख के सवाल तक पहुंचे थे, लेकिन 14वें सवाल तक कोई लाइफ लाइन ना बचने और गलत जवाब देने की वजह से वह 50 लाख नहीं जीत पाए।
यह भी पढ़ें- ‘कभी किसी को मुकम्मल जहां नहीं मिलता, कहीं जमीन…’, क्या आपको पता है KBC 18 में पूछे गई इस पंक्ति के कवि का नाम?
अभिषेक बच्चन की तारीफ करते हुए बबलू कुमार ने जिन फिल्मों की बात की,उनमें से साल 2024 में आई फिल्म ‘आई वॉन्ट टू टॉक’ के लिए उन्हें बेस्ट एक्टर फिल्मफेयर का अवॉर्ड भी मिला था। फिल्म का निर्देशन शूजित सरकार ने किया था और फिल्म को समीक्षकों की तरफ से भी काफी तारीफ मिली थी।
10 अगस्त से ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ की शुरूआत हो चुकी है। सोनी लिव और सोनी एंटरटेंनमेंट टेलीविजन पर शो को रात 9 बजे देखा जा सकता है। इस बार शो की थीम सोचना पड़ेगा है।
