पिछले कुछ हफ्तों से सुनीता आहूजा और गोविंदा के बीच जमकर तकरार देखने को मिल रही है। दरअसल, सुनीता कई बार अभिनेता गोविंदा पर उन्हें धोखा देने के आरोप लगाती रही हैं। इसके बाद अभिनेता ने अपनी सफाई में सुनीता के बयानों को गलत और आपत्तिजनक बताया। हाल ही में जब गोविंदा अपनी को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ नजर आए, तो सुनीता ने इस पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी।

इसके बाद गोविंदा ने भी उन्हें सार्वजनिक तौर पर सख्त चेतावनी दी। अब इसी बीच गोविंदा की रिश्तेदार और कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक की पत्नी कश्मीरा शाह ने एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अपने आसपास टूटती शादियों और लोगों के धोखा देने पर निराशा जताई है। ऐसे में उनके इस पोस्ट को सुनीता और गोविंदा से जोड़कर देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें: ‘बच्चों के लिए नहीं है’, यश ने ‘टॉक्सिक’ के बोल्ड कंटेंट पर दिया जवाब, बोले- महिलाओं की इच्छाओं पर बात करना टैबू क्यों

कश्मीरा ने पोस्ट में लिखी ये बात

गोविंदा के भांजे कृष्णा की पत्नी कश्मीरा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर जो पोस्ट किया उसमें लिखा, “तो क्या सच्चा प्यार ऐसा दिखता है? क्या यह सच में मौजूद है? क्या कोई किसी से इतना प्यार करता है कि उसके लिए यह सब करे और अपने पार्टनर को खास महसूस कराए? ऐसा प्यार कहां है और वह इंसान कौन है? अपने आसपास शादियां टूटते और लोगों को धोखा देते देखकर मैं बहुत निराश हूं। मुझे लगता है कि मुझे रियलिटी चेक की जरूरत है।”

बता दें कि कुछ समय पहले ही कश्मीरा और कृष्णा ने सुनीता आहूजा के साथ 14 साल पुरानी अपनी लड़ाई खत्म की थी। अप्रैल में सुनीता ‘लाफ्टर शेफ्स’ में पहुंची थीं, जहां कश्मीरा ने उनसे माफी मांगी और दोनों ने पुरानी बातों को खत्म कर दिया था।

सुनीता ने गोविंदा को लेकर कही थी ये बात

कुछ दिनों पहले अभिनेता एयरपोर्ट पर अपनी फिल्म ‘रूपा’ की को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ नजर आए थे। इसके बारे में जब पैपराजी ने सुनीता से सवाल किया, तो उन्होंने कहा, “क्या आपने वो कहावत सुनी है विनाश काले, विपरीत बुद्धि। उनकी बुद्धि चली गई है। इसी वजह से वह ऐसी हरकतें करते हैं। हम कुछ नहीं कह सकते।

मैं उन सभी गोविंदा फैंस से पूछना चाहती हूं, जिन्होंने जब मैंने कहा था कि उन्होंने मुझे धोखा दिया तो मुझे ट्रोल किया था। अब उनके पास मुझे कहने के लिए क्या है? अब मुझसे कुछ मत पूछिए। मुझे कोई दिलचस्पी नहीं है।”

सुनीता ने गोविंदा को बताया था शुगर डैडी

इसके बाद एक अन्य पैपराजी ग्रुप से सुनीता ने कहा, “फिल्म बनाने के बाद प्रमोशन होता है, पहले शूटिंग होनी चाहिए। मैं क्या कह सकती हूं? वह उनकी बेटी की उम्र की हैं और वह उनके साथ घूम रहे हैं। उन्हें थोड़ी शर्म होनी चाहिए। कम से कम कोई स्टैंडर्ड तो होना चाहिए। आपके शुगर डैडी इतने अमीर हैं, कम से कम ढंग के कपड़े तो पहन लो। हमें देखिए, हमारा स्टाइल कितना अच्छा है।”

गोविंदा ने दिया था करारा जवाब

इसके बाद गोविंदा ने सुनीता की बातों का जवाब देते हुए कहा, “मैं आम तौर पर काम नहीं करता और अब जब मैं अपना काम कर रहा हूं, तो आप उसमें दखल दे रही हैं। जब आप अपना काम कर रही थीं, चाहे वह फूड शो हो या ‘लॉक अप’ में आना, तो टीना से गुजारिश करके आपने किसी तरह मुझे बुलाया और मेरी सेवाएं लीं। खैर, यह आपका अधिकार है। लेकिन जब से मैंने अपनी फिल्म शुरू की है, आप मुझे लोगों के दिलों से गिराने, मुझे बदनाम करने या मेरे बिजनेस पर असर डालने वाली कोई भी कसर नहीं छोड़ रही हैं।

जब गरीब परिवारों के लोग फिल्म इंडस्ट्री में आते हैं, तो कृपया उन्हें इतना अपमानित या बदनाम न करें कि वे भाग जाएं या डर जाएं। आपके पास काबिलियत है, ताकत है, शोहरत, इज्जत और दौलत है; सब कुछ आपको भगवान ने दिया है। इसका मतलब यह नहीं है कि आप किसी ऐसे व्यक्ति को अपमानित करें जिसके पास ये चीज़ें नहीं हैं। यह आपको शोभा नहीं देता।”

गोविंदा ने आगे कहा, “और उम्र को लेकर आपने जो बात शुरू की है, उसके बारे में मैं आपको याद दिला हूं कि इस देश के सभी महान कलाकारों ने कम उम्र की महिलाओं के साथ काम किया है। अपने छोटे-मोटे फायदों के लिए आप एक बहुत बड़े बिज़नेस को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं। हर कोई उस ग्रुप, उस गैंग के बारे में जानता है जो आपके पीछे है।”

यह भी पढ़ें: ‘दिमागी बनो… बेवकूफ नहीं’, पीएम मोदी के ‘दिमागी नक्सल’ बयान पर प्रकाश राज का तीखा हमला