Karwa Chauth 2026: आज 29 अक्तूबर को करवाचौथ का त्योहार मनाया जा रहा है। महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रख रही हैं। तमाम फिल्मी और टीवी के सितारे भी इस त्योहार को मना रहे हैं। कोई इस दिन की बधाई दे रहा है तो कोई अपनी मेहंदी की तस्वीरें शेयर कर रहा है। हिना खान ने भी अपनी मेहंदी की खूबसूरत तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं।

प्रीति जिंटा ने दी करवाचौथ पर पोस्ट

प्रीति जिंटा ने एक्स पर लिखा, “क्या ऐसा सिर्फ मुझे लग रहा है या चांद गायब हो गया है? क्या किसी ने ईस्ट कोस्ट पर चांद देखा है? मेरा करवा चौथ का व्रत है और बादलों के बीच चांद लुका-छिपी खेल रहा है।”

हिना खान ने लगाई मेहंदी

हिना खान ने इंस्टाग्राम पर अपने हाथ और पैरों पर लगी खूबसूरत मेहंदी की तस्वीरें साझा की हैं। एक तस्वीर में उन्होंने मेहंदी लगे हाथों से अपने पति का हाथ पकड़ा हुआ है। कैप्शन में हिना ने लिखा है, “करवाचौथ की बधाई। अगर मेरी मेहंदी पसंद आई तो मुझे टैग करो।”

महीप कपूर ने शेयर किया वीडियो

संजय कपूर की पत्नी महीप कपूर ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अपने पिछले कुछ सालों के करवाचौथ की झलक दिखाई है। कैप्शन में उन्होंने लिखा, “पिछले कुछ सालों में मेरा करवाचौथ। ढेर सारी यादें। सभी खूबसूरत महिलाओं को करवाचौथ की बधाई।”

अंशुला कपूर हुईं करवाचौथ के लिए एक्साइटेड

अंशुला कपूर की शादी के बाद ये उनका पहला करवाचौथ है। ठीक एक दिन पहले उन्होंने शादी का एक वीडियो शेयर कर अपने पहले करवाचौथ की उत्सुकता जाहिर की। कैप्शन में उन्होंने लिखा, “कल हमारा पहला करवा चौथ है, और आज मैं शादी के उन छोटे-छोटे पलों को याद कर रही हूं। उनमें से कई पलों में रोहन ने मेरा हाथ थाम रखा था – चाहे वह भागदौड़ हो, जज्बात हों, या खुशी के आंसू – सब कुछ। मुझे बहुत अच्छा लगता है कि मैं अपनी जिंदगी तुम्हारे साथ बिता रही हूं, मेरे ‘रो’! मुझे लगता है कि जब मां ने तुम्हें मेरी जिंदगी में भेजा, तो उन्हें अच्छे से पता था कि वे क्या कर रही हैं।”

युविका चौधरी-आरती सिंह ने लगाई मेहंदी
युविका चौधरी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया। जिसमें करवाचौथ से एक दिन पहले वो और आरती सिंह मेहंदी लगवाते हुए नजर आ रही हैं। इसके बाद वो लोग मस्तीभरा डांस भी कर रही हैं। इसके साथ कैप्शन में उन्होंने लिखा, “देसी गर्ल्स, हीना लवर्स।”

कृति खरबंदा

कृति खरबंदा ने भी अपने करवाचौथ की तैयारियों की तस्वीरें और वीडियो शेयर की है। साथ ही उन्होंने अपनी सरगी की प्लेट की तस्वीर भी शेयर की है। कैप्शन में उन्होंने लिखा है, “करवाचौथ वाइब्स पूरी तरह छाई हुई हैं! मेहंदी, खाना-पीना, परिवार के साथ मस्ती और ढेर सारा प्यार! पी.एस. मेहंदी देखकर ड्रोगो का रिएक्शन देखना बिल्कुल न भूलें!”