बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर ने अपने करियर में कई बड़े सितारों के साथ काम किया है, लेकिन सलमान खान के साथ बिताए शूटिंग के पल उनके लिए आज भी खास हैं। सलमान खान के साथ एक्ट्रेस ने तमाम हिट फिल्मों में काम किया है। हाल ही में डांस रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ में उन्होंने फिल्म ‘प्यार किया तो डरना क्या’ के मशहूर गाने ‘ओ ओ जाने जाना’ की शूटिंग से जुड़ा एक मजेदार और दिलचस्प किस्सा सुनाया। सलमान खान की तरीफ करते हुए करिश्मा ने कहा कि सलमान खान जैसा कोई नहीं हो सकता है।

इन दिनों एक्ट्रेस करिश्मा कपूर को ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ में बतौर जज देखा जा रहा है। इसी दौरान हालिया एपिसोड में एक कंटेस्टेंट प्रथमेश ने सलमान खान के गाने ‘ओ ओ जाने जाना’ पर शानदार परफॉर्मेंस देते देखा गया। प्रथमेश के शानदार डांस को देखने के बाद करिश्मा कपूर ने उस दौर को याद करते हुए सलमान खान से जुड़ा एक किस्सा साझा किया।

यह भी पढ़ें- ‘हर को-स्टार के साथ अफेयर’ वाली टिप्पणी पर घिरीं शिल्पा शिंदे, शिवांगी जोशी को लेकर भद्दे बयान पर भड़के सेलेब्स

परफॉर्मेंस देखने के बाद करिश्मा कपूर इतनी इंप्रेस हुईं कि उन्होंने खड़े होकर तालियां बजाईं। इसके बाद उन्होंने सलमान खान से जुड़ी पुरानी यादें साझा कीं। करिश्मा ने कहा, “सच कहूं तो मैं इस समय काफी भावुक हो गई हूं, क्योंकि यह सलमान का गाना है। मुझे आज भी याद है कि जब यह गाना रिलीज हुआ था, तब हम लोग लगातार कई शिफ्ट में काम कर रहे थे। सलमान बहुत थके हुए रहते थे, लेकिन फिर भी उन्होंने इस गाने को पूरे जोश और एनर्जी के साथ किया। उनका स्वैग, उनका स्टाइल और स्क्रीन पर उनकी मौजूदगी बिल्कुल अलग थी। ‘ओ ओ जाने जाना’ में सलमान खान जैसा कोई नहीं हो सकता।”

करिश्मा ने कहा, “उस समय कलाकारों की काम करने की शैली आज से काफी अलग थी। कई बार हमें एक ही दिन में कई फिल्मों की शूटिंग करनी पड़ती थी। इतने लंबे और बिजी शेड्यूल के बावजूद सलमान खान ने कभी अपनी थकान को अपने काम के बीच नहीं आने दिया। उन्होंने हर सीन और हर शॉट को पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ किया। शायद यही वजह है कि आज भी ‘ओ ओ जाने जाना’ में उनकी वही एनर्जी और चार्म साफ नजर आता है।”

यह भी पढ़ें- ‘वो कोई इंडस्ट्री का बंदा नहीं है’, शहनाज गिल ने पहली बार राघव जुयाल के साथ अपने रिश्ते पर दी सफाई

बता दें कि फिल्म ‘प्यार किया तो डरना क्या’ साल 1998 में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी हिट साबित हुई थी। फिल्म में सलमान खान और काजोल की जोड़ी को लोगों ने काफी पसंद किया था। इसके अलावा बात करें करिश्मा कपूर की तो, उन्होंने भी अपने फिल्मी करियर में सलमान खान के साथ एक से बढ़कर एक शानदार फिल्मों में काम किया है। दुल्हन हम ले जाएंगे, बीवी नंबर वन, हम साथ साथ हैं, चल मेरे भाई, जुड़वा, जीत जैसी फिल्मों में काम किया है।