करीना कपूर खान ने बॉलीवुड में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। हालांकि, अपनी जिंदगी के एक फैसले को लेकर उन्हें आज भी अफसोस है। करीना ने बताया कि उन्होंने 11वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था। लेकिन अब वो चाहती हैं कि उनके बेटे तैमूर और जेह पहले अपनी पढ़ाई पूरी करें और इसके बाद ही अपने करियर को लेकर फैसला लें।
हनुमान दास के साथ बातचीत में करीना ने बताया कि उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी नहीं की। अभिनेत्री के मुताबिक, फिल्मों में आने के बाद उन्होंने 11वीं कक्षा के बाद आगे पढ़ाई नहीं की और यह बात उनके मन में हमेशा रही।
करीना ने कहा, “मैंने अपनी पढ़ाई पूरी नहीं की और यह ऐसी चीज थी, जो हमेशा मेरे साथ रही। मेरे पास मौका था, लेकिन मैं फिल्मों में आ गई और 11वीं के बाद आगे पढ़ाई नहीं की।”
उन्होंने माना कि उनके इस फैसले पर लोग तरह-तरह की बातें कर सकते हैं, लेकिन उस समय वह एक अभिनेत्री के तौर पर खुद को साबित करना चाहती थीं। करीना ने कहा कि वह अपने दिल की सुनना चाहती थीं। हालांकि, सफलता हासिल करने के बाद भी उन्हें पढ़ाई पूरी न करने का अफसोस है। उन्होंने कहा, “शिक्षा ऐसी चीज है, जिसे पूरा न करने का मुझे सच में अफसोस है।”
तैमूर और जेह को पहले पढ़ाई पूरी करने की सलाह
करीना ने बताया कि उनके अपने अनुभव ने बच्चों की परवरिश को लेकर उनकी सोच को प्रभावित किया है। वह चाहती हैं कि तैमूर और जेह अपने मन का करियर चुनें, लेकिन उससे पहले अपनी पढ़ाई पूरी करें। अभिनेत्री ने कहा, “इसीलिए मैंने अपने बेटों पर जोर दिया है कि वे पहले अपनी पढ़ाई पूरी करें और उसके बाद अपने दिल की सुनें।”
करीना ने यह भी बताया कि भारत में लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए UNICEF के साथ जुड़ने के पीछे उनकी अपनी कहानी भी एक वजह है। उन्होंने कहा कि जब UNICEF ने उनसे भारत में लड़कियों की शिक्षा के लिए समर्थन करने को कहा, तो वह इस मुद्दे से गहराई से जुड़ गईं, क्योंकि उनके मन में अपनी पढ़ाई पूरी न करने का अफसोस हमेशा रहा है।
करीना 2014 से UNICEF India से जुड़ी हुई हैं और लड़कियों की शिक्षा, जेंडर इक्वालिटी और बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने जैसे मुद्दों की वकालत करती रही हैं।
चैरिटी को लेकर ऐसे हैं करीना के विचार
बातचीत में करीना ने चैरिटी को लेकर भी अपनी सोच शेयर की। उनका कहना है कि लोगों को उन्हीं सामाजिक मुद्दों के लिए योगदान देना चाहिए, जिनसे वे वास्तव में जुड़ाव महसूस करते हैं। हर मदद के बारे में सार्वजनिक रूप से बात करना जरूरी नहीं है। करीना ने कहा, “मुझे लगता है कि चैरिटी उस चीज से होनी चाहिए, जिस पर आप विश्वास करते हैं और जिसे आप सच में करना चाहते हैं।”
उन्होंने माना कि सामाजिक कार्यों के बारे में बात करना उन्हें कई बार असहज लगता है। उन्होंने बताया कि वह और सैफ अली खान मिलकर जो भी काम करते हैं, उसमें दिखावे से ज्यादा दिल की भावना होती है। करीना ने कहा, “एक्शन शब्दों से ज्यादा जोर से बोलते हैं। हम अपने तरीके से ऐसी चीजें करने की कोशिश करते हैं, जिनसे हमारी जिंदगी में कुछ अच्छा हो।”
हाल ही में सैफ ने इंग्लैंड में ल्यूटन टाउन और इंडियंस क्रिकेट क्लब के बीच हुए एक चैरिटी मैच में हिस्सा लिया था। करीना अपने दोनों बेटों तैमूर और जेह के साथ उन्हें चीयर करने पहुंची थीं।
यह भी पढ़ें: करीना कपूर के एक गाने ने खत्म कर दिया फिल्म का पूरा बजट, 200 डांसर्स, 300 जूनियर आर्टिस्ट देख बेहोश हो गए डायरेक्टर
करीना ने अपने दोनों बेटों की परवरिश के अनुभव के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “मैं आधिकारिक तौर पर फुटबॉल मॉम हूं और क्रिकेट मॉम भी हूं।” करीना अपनी बहन करिश्मा कपूर के साथ बड़ी हुई हैं। ऐसे में दो बेटों की मां बनना उनके लिए बिल्कुल अलग अनुभव रहा है।
उन्होंने कहा, “मैं और करिश्मा दो बहनें थीं, इसलिए दो बेटों की परवरिश बिल्कुल अलग है। यह मेरे लिए लगभग एक अलग ही दुनिया जैसा अनुभव है, क्योंकि मैं कभी भाई या किसी लड़के के साथ बड़ी नहीं हुई। इसलिए तैमूर और जेह को देखना मेरे लिए अद्भुत है और मैं हर दिन कुछ नया सीख रही हूं।”
करीना चाहती हैं कि उनके दोनों बेटों में सबसे ज्यादा करुणा और दयालुता हो। उन्होंने कहा, “मैं अपने बेटों में सिर्फ करुणा और दयालुता देखना चाहती हूं। ये दो चीजें आपको जिंदगी में बहुत आगे तक ले जा सकती हैं।”
तैमूर बनना चाहते हैं क्रिकेटर या फुटबॉलर
करीना ने अपने बड़े बेटे तैमूर के खेल के प्रति बढ़ते लगाव के बारे में भी बताया। अभिनेत्री के मुताबिक, इस समय तैमूर क्रिकेटर या फुटबॉलर बनना चाहते हैं।
करीना ने कहा कि जब तैमूर उनसे कहता है कि वह फुटबॉल खिलाड़ी या क्रिकेटर बनना चाहता है, तो वह उसे ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित करती हैं।
तैमूर का सपना है कि वह “ग्लोबल स्टेज” पर क्रिकेट या फुटबॉल खेले। इस पर करीना उसे कहती हैं कि अगर वह ऐसा करना चाहता है, तो उसे अपने इस सपने को पूरा करने के लिए मेहनत करनी होगी।
अभिनेत्री ने साफ किया कि उनके बच्चों पर फिल्मी परिवार से होने की वजह से अभिनेता बनने का कोई दबाव नहीं है। उन्होंने कहा, “हमें उसे प्रोत्साहित करना है और सही दिशा में आगे बढ़ाना है। कौन जानता है, हो सकता है कि वह बाद में अपना मन बदल ले और यह भी ठीक है। ऐसा नहीं है कि हम फिल्मी परिवार से हैं या हम अभिनेता हैं, इसलिए उसे भी अभिनेता ही बनना है।”
2012 में हुई थी करीना-सैफ की शादी
करीना कपूर और सैफ अली खान ने फिल्म ‘टशन’ में साथ काम करने के बाद एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था। दोनों ने 16 अक्टूबर 2012 को शादी की। 20 दिसंबर 2016 को उनके बड़े बेटे तैमूर अली खान का जन्म हुआ। इसके बाद 21 फरवरी 2021 को करीना और सैफ दूसरी बार माता-पिता बने और उनके छोटे बेटे जेह अली खान का जन्म हुआ।
