रील गाथा: साल 2012 में रिलीज हुई फिल्म ‘हीरोइन’ सिर्फ एक ग्लैमरस ड्रामा नहीं थी, बल्कि यह बॉलीवुड के फैशन इतिहास में एक बड़ा मोड़ भी साबित हुई। इस फिल्म में करीना कपूर ने 130 से ज्यादा आउटफिट्स बदले थे। जो उस समय हिंदी सिनेमा की किसी भी एक्ट्रेस के लिए एक अनोखा और रिकॉर्डतोड़ आंकड़ा माना गया।
मधुर भंडारकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में फिल्म इंडस्ट्री की चकाचौंध के पीछे छिपे संघर्ष, असुरक्षा और भावनात्मक उतार-चढ़ाव को दिखाया गया था। इसी वजह से किरदार ‘माही अरोड़ा’ की जिंदगी को परदे पर असल अंदाज में उतारने के लिए उसके वार्डरोब पर खास मेहनत की गई थी।
किरदार की डिमांड थी इतने आउटफिट्स
फिल्म में करीना एक सुपरस्टार एक्ट्रेस के रोल में थीं। कहानी में रेड कार्पेट इवेंट, अवॉर्ड फंक्शन, मीडिया इंटरव्यू, फोटोशूट, पार्टी और निजी पलों तक, हर मौके के लिए अलग लुक की जरूरत थी। हर सीन में उनका स्टाइल अलग था। जब एक्ट्रेस का करियर ऊंचाई पर था, तो हाई-फैशन गाउन और ग्लैमरस मेकअप की जरूरत थी। जब पसर्नल लाइफ को बिखरते दिखाया तो एक्ट्रेस का लुक सादगी भरा था। इस तरह फिल्म में इतने आउटफिट्स कहानी की डिमांड बन गए थे।
इंटरनेशनल ब्रांड्स और हाई फैशन का तड़का
फिल्म में करीना ने कई नामी इंटरनेशनल और इंडियन डिजाइनर्स के आउटफिट्स पहने। उस समय यह चर्चा का विषय बन गया था कि ‘हीरोइन’ का कॉस्ट्यूम बजट अपने आप में एक अलग स्तर का था। बॉलीवुड में पहले भी ग्लैमर दिखाया गया था, लेकिन ‘हीरोइन’ का हाई क्लास फैशन सुर्खियां बन गया।
करीना पर थी पूरी फिल्म की जिम्मेदारी
‘हीरोइन’ ने यह भी साबित किया कि एक महिला-केंद्रित फिल्म में ग्लैमर और इमोशनल डेप्थ साथ-साथ चल सकती है। करीना कपूर का किरदार सिर्फ खूबसूरत दिखने तक सीमित नहीं था। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित नहीं हुई, लेकिन करीना के अभिनय और उनके स्टाइल स्टेटमेंट को जमकर सराहा गया। कई फैशन मैगजीन और क्रिटिक्स ने इसे बॉलीवुड के सबसे स्टाइलिश परफॉर्मेंस में से एक बताया।
यह भी पढ़ें: रणवीर सिंह धमकी केस में बड़ा खुलासा: अमेरिका के नंबर से आया था वॉइस नोट, क्राइम ब्रांच एक्टिव
करीना से पहले ऐश्वर्या थी फिल्म के लिए पहली पसंद
करीना से पहले ऐश्वर्या राय फिल्म के लिए निर्देशक की पहली पसंद थीं। उन्होंने फिल्म की शूटिंग भी शुरू कर दी थी, लेकिन 2011 में ऐश्वर्या की प्रेग्नेंसी के बाद उन्हें फिल्म से अलग होना पड़ा। मधुर भंडारकर ने बाद में इस बारे में बात करते हुए कहा था कि उन्हें ऐश्वर्या की प्रेग्नेंसी की जानकारी पहले से नहीं थी। फिल्म की कहानी और किरदार काफी डिमांडिंग थे, जिनमें इमोशनल और शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण सीन शामिल थे। ऐसे में प्रोडक्शन प्लानिंग, सुरक्षा और शूटिंग की निरंतरता को लेकर दिक्कतें सामने आने लगीं।
यह भी पढ़ें: नूतन की अदाएं, आशा भोसले की आवाज; 63 साल बाद भी नहीं उतरा 6 मिनट 34 सेकंड के इस गाने का खुमार
इन परिस्थितियों को देखते हुए मेकर्स ने ऐश्वर्या राय बच्चन की जगह करीना कपूर को फिल्म में कास्ट किया। इसके बाद करीना नेमाही अरोड़ा के किरदार को निभाया और फिल्म को पूरा किया।
