अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन और मंजू वारियर फिल्म ‘ओडियन’ में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म का निर्देशन राहुल सदाशिवन कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण पृथ्वीराज सुकुमारन और करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस मिलकर कर रहे हैं। खास बात यह है कि यह धर्मा प्रोडक्शंस की पहली मलयालम फिल्म होगी।
करण जौहर ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए इसकी घोषणा की। उन्होंने लिखा, “हम @dharmamovies में मलयालम सिनेमा की दुनिया में अपना पहला कदम रख रहे हैं और मुझे गर्व है कि इस सफर के लिए हमें बेहतरीन साथी मिले हैं। पृथ्वीराज, हमने अब तक कई प्रोजेक्ट्स में साथ काम किया है और उम्मीद है कि आगे भी यह साझेदारी जारी रहेगी।”
उन्होंने आगे लिखा, “हमें गर्व है कि हम अपनी फिल्म ‘ओडियन’ की घोषणा कर रहे हैं, जिसका निर्देशन बेहद प्रतिभाशाली राहुल सदाशिवन कर रहे हैं। लोककथाओं से जुड़ी रहस्यमयी कहानियों को पर्दे पर उतारने की उनकी कला आज के दौर में बेहद खास है। इस कहानी को जीवंत बनाने के लिए हमारे पास शानदार मंजू वारियर हैं और निश्चित रूप से हमारे पसंदीदा पृथ्वीराज भी। जल्द ही…”पृथ्वीराज ने भी करण जौहर की इस पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया।
यह भी पढ़ें: कनाडा में गार्ड बने, $13 के लिए टॉयलेट भी किया साफ; आज 150 करोड़ की नेटवर्थ के साथ राज कर रहे हैं गिप्पी ग्रेवाल
बता दें कि करण जौहर और पृथ्वीराज सुकुमारन इससे पहले साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘सेल्फी’ में साथ काम कर चुके हैं। यह फिल्म पृथ्वीराज की सुपरहिट मलयालम फिल्म ‘ड्राइविंग लाइसेंस’ का हिंदी रीमेक थी। ‘सेल्फी’ में पृथ्वीराज सह-निर्माता थे, जबकि करण जौहर भी इसके निर्माताओं में शामिल थे। इसके अलावा पृथ्वीराज धर्मा प्रोडक्शंस की ओटीटी रिलीज ‘सरज़मीन’ में भी नजर आ चुके हैं।
