निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ का पहला पार्ट इस साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है। ऐसे में को-प्रोड्यूसर्स नमित मल्होत्रा ​​की DNGE और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स ने करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस के साथ भारत में फिल्म के डिस्ट्रिब्यूशन को लेकर एक बड़ी डील की है। बताया जा रहा है कि ये दो पार्ट वाली फिल्म 4 हजार करोड़ रुपये के बजट में बन रही है।

भारत में धर्मा प्रोडक्शंस करेगा ‘रामायण’ को डिस्ट्रीब्यूट

धर्मा प्रोडक्शंस ने कई बड़ी पैन-इंडिया फिल्मों को डिस्ट्रीब्यूट करने में अहम भूमिका निभाई है, जैसे एसएस राजामौली की तेलुगु एक्शन-फैंटेसी एपिक फ्रेंचाइजी ‘बाहुबली’, संकल्प रेड्डी की 2017 में आई तेलुगु पीरियड वॉर ड्रामा ‘द गाजी अटैक’, एस शंकर की 2018 की तमिल साइंस-फिक्शन एक्शन फिल्म ‘2.0’ और कोराटाला शिवा की 2024 की तेलुगु एक्शन ड्रामा ‘देवरा: पार्ट 1’।

यह भी पढ़ें: बहन अंशुला के नए सफर पर भावुक हुए अर्जुन कपूर, बोले- हमेशा तुम्हारे साथ हूं

‘वैरायटी इंडिया’ के अनुसार, नमित मल्होत्रा ​​ने संभावित डिस्ट्रीब्यूटर्स को ‘रामायण’ का 30 मिनट का एडिटेड फुटेज दिखाया था। इसके बाद धर्मा प्रोडक्शंस के साथ उनकी बातचीत शुरू हुई। शुरुआत में यह डील करीब 500 करोड़ रुपये की बताई जा रही थी, लेकिन आखिरकार भारत में फिल्म के सोल डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स के साथ यह सौदा 250 करोड़ रुपये में तय हुआ।

आईएमडीबी के अनुसार, ‘रामायण: पार्ट 1’ को इस साल की सबसे ज्यादा इंतजार की जाने वाली भारतीय फिल्म बताया जा रहा है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान ‘राम’, साई पल्लवी ‘सीता’, यश ‘रावण’, सनी देओल ‘हनुमान’ और रवि दुबे ‘लक्ष्मण’ के किरदार में नजर आएंगे।

इसके अलावा अरुण गोविल ‘दशरथ’, लारा दत्ता ‘कैकेयी’, काजल अग्रवाल ‘मंदोदरी’, रकुल प्रीत सिंह ‘शूर्पणखा’, शीबा चड्ढा ‘मंथरा’, इंदिरा कृष्णन ‘कौशल्या’ और कुणाल कपूर ‘इंद्र’ की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता एआर रहमान और हैंस जिमर मिलकर तैयार कर रहे हैं। ‘रामायण: पार्ट 1’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन का काम चल रहा है, जबकि दूसरे भाग की प्री-प्रोडक्शन प्रक्रिया जारी है।

यह भी पढ़ें: शूटिंग पूरी होते ही विवादों में घिरी कंगना रनौत की ‘क्वीन 2’, फैंटम स्टूडियोज ने जियोस्टार पर ठोका 250 करोड़ का मुकदमा