कपिल शर्मा का शो एक दशक से भी अधिक समय से अपनी कॉमेडी से देशभर के दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। उनके शो को केवल भारत ही नहीं, बल्कि विदेश में भी बहुत पसंद किया जाता है। ये ही कारण है कि शो अब टीवी से आगे बढ़कर नेटफ्लिक्स पर’द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ नाम से आ गया है।

कई बार शो के कॉमेडियन स्क्रिप्ट के हिसाब से एक्ट करते हैं लेकिन काफी कुछ ऑन द स्पॉट भी होता है।हाल ही में शो का शुरुआत से हिस्सा रहे कॉमेडियन किकू शारदा ने खुलासा किया कि शो का कितना हिस्सा पहले से स्क्रिप्टेड होता है और कितने डायलॉग मौके पर ही बनाकर बोले जाते हैं।

शो में आने वाले मेहमानों को नहीं पता होती स्क्रिप्ट

प्रखर गुप्ता के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान किकू शारदा ने बताया कि उनकी टीम जानबूझकर शो में आने वाले सेलिब्रिटी मेहमानों को पहले से जोक्स, पंचलाइन या किरदारों के बारे में नहीं बताती, ताकि उनकी रिएक्शन बिल्कुल नेचुरल रहे।

किकू ने कहा, “सच कहूं तो हमें मेहमानों के असली रिएक्शन चाहिए होते हैं। हम नहीं चाहते कि उन्हें पहले से पंचलाइन, जोक्स या किरदारों के बारे में पता हो। हम चाहते हैं कि वे पहली बार स्टेज पर ही इन किरदारों को देखें, क्योंकि तभी सबसे नैचुरल और मजेदार रिएक्शन मिलते हैं। इसलिए अब हर कोई बस फ्लो के साथ चलता है।”

शो की क्रिएटिव प्रक्रिया के बारे में बात करते हुए किकू ने बताया कि स्क्रिप्ट जरूर होती है, लेकिन शूटिंग के दौरान बातचीत जिस दिशा में जाती है, उसके हिसाब से कई बार उससे हटना भी पड़ता है।

यह भी पढ़ें: कभी 700 रुपए कमाते थे कीकू शारदा, कपिल शर्मा शो से हुए फेमस, अब एक एपिसोड की लेते हैं इतने लाख की फ़ीस

70% स्क्रिप्टेड होता है शो

उन्होंने कहा, “मोटे तौर पर हमारे पास एक स्क्रिप्ट होती है और हम उसे फॉलो भी करते हैं, लेकिन सिर्फ एक हद तक। कई बार कोई सेलिब्रिटी बातचीत को बिल्कुल नई दिशा में ले जाता है, तब स्क्रिप्ट पर टिके रहना संभव नहीं होता। कई बार उसी वक्त कोई नया आइडिया आ जाता है और हम इम्प्रोवाइज कर लेते हैं। अगर प्रतिशत में कहूं तो करीब 70 फीसदी शो स्क्रिप्ट के मुताबिक होता है, जबकि 30 फीसदी पूरी तरह मौके पर किया गया इम्प्रोवाइजेशन होता है।”

सलमान खान के रिएक्शन का अंदाजा लगाना मुश्किल

सलमान खान के साथ काम करने का अनुभव साझा करते हुए किकू शारदा ने कहा कि उनकी प्रतिक्रिया का अंदाजा लगाना लगभग नामुमकिन है। उन्होंने कहा, “खासकर सलमान खान के साथ आपको कभी नहीं पता होता कि उन्हें किस बात पर हंसी आएगी। कई बार हम सोचते हैं कि यह लाइन बहुत मजेदार होगी, लेकिन वह बिल्कुल भी रिएक्ट नहीं करते। फिर अचानक कोई बीच में कुछ अलग बोल देता है और उसी पर सलमान जोर-जोर से हंसने लगते हैं। एक बार जब उनकी हंसी छूट जाती है तो फिर वह रुकती ही नहीं। उनकी आंखों से आंसू निकलने लगते हैं और वह पूरी तरह हंसी में डूब जाते हैं।”

यह भी पढ़ें: ‘मुझे स्टैंडअप करने के लिए बुलाया गया था’, कपिल शर्मा के शो में समय रैना वाले एपिसोड के बारे में सुनील पाल को नहीं थी जानकारी

मौके पर पंच लाइन मारने में माहिर हैं कपिल शर्मा

किकू शारदा ने यह भी बताया कि जब कोई जोक दर्शकों पर असर नहीं छोड़ पाता, तब कपिल शर्मा किस तरह पूरे शो को संभाल लेते हैं। उन्होंने कपिल की तारीफ करते हुए कहा, “कपिल शर्मा ऐसे हालात को संभालने में माहिर हैं। उन्हें तुरंत समझ आ जाता है कि कौन-सी चीज काम नहीं कर रही। मैं हमेशा कहता हूं कि कई बार कोई एक्ट शानदार चलता है और कई बार बिल्कुल नहीं चलता। जब कोई जोक नहीं चलता, तो आप वहां खड़े होकर यह दिखावा नहीं कर सकते कि सब कुछ ठीक चल रहा है।”

किकू ने आगे बताया कि 13 साल साथ काम करने के बाद अब उनके और कपिल शर्मा के बीच ऐसी समझ बन गई है कि दोनों बिना कुछ कहे ही एक-दूसरे की सोच को समझ जाते हैं। उन्होंने कहा, “इतने साल साथ काम करने के बाद अब हम लगभग समझ जाते हैं कि एक-दूसरे के दिमाग में क्या चल रहा है।”