ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने मंगलवार को मुंबई में ‘व्हाट्स नेक्स्ट’ इवेंट का आयोजन किया, जिसमें उसने इस साल आने वाली अपनी सभी नई फिल्में, सीरीज और पुराने शो के नए सीजन का ऐलान कर दिया। इस इवेंट का हिस्सा कॉमेडियन-अभिनेता कपिल शर्मा भी बने, जिन्होंने अपने फैंस को गुड न्यूज दी कि उनका शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो’ का 5वां सीजन 2026 में आने वाला है।
इस दौरान कपिल स्टेज पर नेटफ्लिक्स इंडिया की सीईओ मोनिका शेरगिल से बात करते हुए कुछ ऐसा बोल देते हैं, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सिर्फ इतना ही नहीं, कुछ लोगों ने तो इसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से भी जोड़ दिया। चलिए जानते हैं कि आखिर कपिल ने ऐसा क्या कहा।
नेटफ्लिक्स इवेंट पर क्या बोले कपिल शर्मा?
दरअसल, हुआ यूं कि नेटफ्लिक्स इंडिया की सीईओ मोनिका शेरगिल जब स्टेज पर कपिल से बात कर रही थीं, तो उन्होंने कॉमेडियन की नेटफ्लिक्स के साथ लंबी पारी की तारीफ की। मोनिका ने कहा, ”हमारी नजर, इंडिया की नजर तो बहुत समय से आप पर है, कपिल। उम्मीद है 11 मुल्कों की पुलिस की नजर आप पर न हो।” उनकी ये बात सुनने के बाद वह मौजूद सभी लोग हंसने लगे।
वहीं, कपिल ने भी मजाकिया अंदाज में कहा, “एक-दो मुल्कों के गैंगस्टर भी लगे हुए हैं आजकल।” ये बोलने के बाद वह जोर से हंसने लगे। फिर कपिल ने तुरंत कहा कि इस बात को काट देना। हालांकि, कॉमेडियन को एहसास हुआ ये इवेंट लाइव है। तब कपिल ऑडियंस साइड में खड़े लोगों से बोले कि छोड़ दो मोबाइल, कहां जाओगे इतनी शूटिंग करके।
लोगों ने किया लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कनेक्ट
जैसे ही सोशल मीडिया पर कपिल शर्मा का यह वीडियो वायरल हुआ, तो लोगों ने इसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जोड़ दिया। दरअसल, इस गैंग ने कुछ महीनों पहले उनके कनाडा स्थित कैफे पर दो बार फायरिंग की थी।
बता दें कि नेटफ्लिक्स पर इस साल जो फिल्में और सीरीज आने वाली है, उसकी लिस्ट हमने तैयार कर दी है। अगर आप उसके बारे में जानना चाहते हैं, तो यहां क्लिक करके पढ़ें।
