लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने भाषण के दौरान कहा कि महिला आरक्षण बिल का महिलाओं के आरक्षण से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बिल सरकार की ओर से भारत के चुनावी नक्शे को बदलने की कोशिश है, जिसमें छोटे उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी राज्यों की प्रतिनिधित्व क्षमता को कम किया जाएगा। उन्होंने इसे राष्ट्र-विरोधी कदम तक बता दिया।
राहुल गांधी के इस भाषण के बाद बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने तीखी प्रतिक्रिया दी। संसद के बाहर मीडिया से बात करते हुए कंगना ने कहा कि उन्हें राहुल गांधी को सुनना सिरदर्द लगा। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल अपने बचपन के ट्रॉमा की बातें कर रहे थे।
कंगना रनौत का बयान
मीडिया से बातचीत में कंगना ने कहा, “उन्हें सुनना बहुत बड़ा सिरदर्द था। वह अपने बचपन के ट्रॉमा की बात कर रहे थे और फिर हमें उस मैजिक शो के बारे में बता रहे थे, जो उन्होंने बचपन में किसी जादूगर की मेज पर देखा था।”
यह भी पढ़ें: ‘महिला सशक्तिकरण केवल लॉ बनाने से नहीं होगा’, सदन में महिला आरक्षण विधेयक पर बोलीं हेमा मालिनी
उन्होंने आगे उनके भाषण को न्यूसेंस बताया। कंगना ने कहा, “राष्ट्रपति ने भी उन्हें रोकने को कहा, लेकिन उन्होंने कहा ‘आपको मजा आएगा।’ यह सब एक तरह की परेशानी थी।” कंगना ने संसद में हो रही इस स्थिति के लिए कहा कि पूरी दुनिया और देश इसे देख रहा है। “उन्होंने संसद भवन को मजाक बना दिया है।”
यह भी पढ़ें: कंगना रनौत ने करण जौहर के साथ सुलझाए मतभेद- अब कोई दुश्मनी नहीं, मैं उन्हें बुरा इंसान नहीं मानती
जानकारी के लिए बता दें कि 17 अप्रैल को लोकसभा में तीन अहम विधेयकों पर चर्चा जारी रही। इन विधेयकों का उद्देश्य महिला आरक्षण कानून में संशोधन और नए परिसीमन प्रक्रिया को लागू करना है। महिला आरक्षण बिल, जिसे पहले ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ कहा जाता था, संविधान संशोधन के जरिए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% सीटें आरक्षित करता है।
