विकास बहल के निर्देशन में बनी कंगना रनौत स्टारर फिल्म ‘क्वीन’ साल 2013 में रिलीज हुई थी, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया था। दर्शकों से मिले उसी प्यार को देखते हुए मेकर्स इस मूवी का दूसरा पार्ट लेकर आ रहे हैं, जिसकी घोषणा खुद अभिनेत्री ने साल की शुरुआत में की थी। बीते हफ्ते फिल्म की शूटिंग पूरी हुई और कंगना-विकास ने केक काटकर उसे सेलिब्रेट किया। हालांकि, अब शूटिंग खत्म होने के सिर्फ पांच दिन बाद ही फिल्म कानूनी विवाद में फंस गई।
फैंटम स्टूडियोज ने दायर किया मुकदमा
दरअसल, फैंटम स्टूडियोज ने बॉम्बे हाई कोर्ट में जियो स्टार के खिलाफ 250 करोड़ रुपये का मुकदमा दायर किया है। बता दें कि जियोस्टार ‘क्वीन 2’ को सपोर्ट कर रहा है और फैंटम स्टूडियोज का आरोप है कि यह बिना इजाजत बनाया जा रहा सीक्वल है।
यह भी पढ़ें: ‘मिमी’ की शूटिंग से पहले कृति सेनन ने फ्रीज करवाए एग्स, अब अभिनेत्री ने खुद बताई इसकी वजह
प्रोडक्शन हाउस ने समझौते पर बातचीत के लिए जियोस्टार से कई बार संपर्क किया था, लेकिन जियोस्टार ने बार-बार किए गए अनुरोधों का कोई जवाब नहीं दिया। इस बीच ‘क्वीन 2’ की शूटिंग, जो इस साल की शुरुआत में शुरू हुई थी, अब पूरी हो चुकी है और फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन स्टेज में पहुंच गई है।
मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक, जियो स्टूडियोज और बहल को कई बार समझौते के लिए कहा गया, लेकिन बात नहीं बनी। इसलिए कंपनी को कानूनी रास्ता अपनाना पड़ा। ‘क्वीन’ के 50% अधिकार फैंटम स्टूडियोज के पास हैं, जिसमें इसके सीक्वल बनाने का अधिकार भी शामिल है। कंपनी ने अब तक फिल्म के किसी भी सीक्वल, अडैप्टेशन या उससे जुड़े किसी और काम के लिए सहमति नहीं दी है।
फैंटम फिल्म्स ने प्रोड्यूस की थी ‘क्वीन’ मूवी
‘क्वीन’ को मूल रूप से फैंटम फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया था। इस कंपनी की स्थापना विकास बहल, अनुराग कश्यप, विक्रमादित्य मोटवाने और मधु मंटेना ने मिलकर की थी। जब मूवी रिलीज हुई तो इसे हिंदी में बेस्ट फीचर फिल्म का नेशनल अवॉर्ड भी मिला। हालांकि, मीटू मूवमेंट के दौरान बहल का नाम सामने आने के बाद चारों फाउंडिंग मेंबर्स के बीच मतभेद हो गए।
जैसे-जैसे फाउंडिंग मेंबर्स एक-एक करके कंपनी छोड़ने लगे, फैंटम फिल्म्स को 2019 में बंद कर दिया गया। बाद में साल 2022 में मधु मंटेना और निर्माता शीतल तलवार ने कंपनी को फैंटम स्टूडियोज के नाम से फिर शुरू किया। इस बैनर ने पिछले साल जुनैद खान और खुशी कपूर की फिल्म ‘लवयापा’ का निर्माण किया था।
