‘धुरंधर 2’ की आंधी के बीच बॉलीवुड की तरफ से इस फिल्म को लेकर कम ही लोगों ने बात की है। यहां तक की रणवीर सिंह की फिल्म के लिए दीपिका पादुकोण की तरफ से भी कोई तारीफ, कोई रिएक्शन या कोई पोस्ट नहीं आया। इसी बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने दिल खोलकर फिल्म की तारीफ की है। इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ दिल्ली (IFFD) 2026 के उद्घाटन समारोह कंगना ने फिल्म को नए भारत की तस्वीर बताया है।

मीडिया से बातचीत में कंगना ने बताया कि IFFD जैसे मंच ऐसी फिल्मों के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा, देखिए, यह प्लेटफॉर्म ऐसी फिल्मों के लिए है। यह नए भारत की तस्वीर है। इसमें संस्कृति, देशभक्ति और आधुनिकता के साथ एक विकसित भारत का सपना नजर आता है। आप इसमें नए भारत की ऊर्जा महसूस कर सकते हैं। इसके लिए ऐसे मंच होने चाहिए। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं, जिन्होंने हमें विकसित भारत का सपना दिया है और हम सभी उसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।”

कंगना को फिल्म इंडस्ट्री में पूरे हुए 20 साल

उन्होंने IFFD को एक अहम ग्लोबल मंच बताते हुए कहा, “यह एक अंतरराष्ट्रीय प्लेटफॉर्म है, जहां हम किसी भी देश की बेहतरीन सिनेमा कला को देख सकते हैं।” कंगना ने अपने करियर के 20 साल पूरे होने पर बात करते हुए कहा, “मैंने फिल्म इंडस्ट्री में 20 साल पूरे कर लिए हैं। मैंने अपनी जिंदगी का एक लंबा समय फिल्मों को दिया है।”

यह भी पढ़ें: ‘टाइमिंग गलत है’, बोमन ईरानी ने ट्रंप के ‘ईरानी’ वाले दावे का उड़ाया मजाक, मंदाना करीमी ने किया पलटवार

अमीषा पटेल ने भी की तारीफ

अमीषा पटेल ने भी ‘धुरंधर 2’ की तारीफ की और इसे आई ओपनर बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “आई ओपनर। इंडस्ट्री द्वारा धुरंधर की तारीफ करना वाकई कमाल है और यह ब्रांड सभी तारीफों का हकदार है। इंडस्ट्री को यह समझने की जरूरत है कि आदित्य ने एक फिल्म बनाई है, कोई प्रोजेक्ट नहीं, उन्होंने अभिनेताओं को कास्ट किया है, न कि उन इंस्टाग्रामर्स को जो पार्टियों में ट्रेंड करते हैं। प्रोजेक्ट बनाना बंद करो और फिल्में बनाना शुरू करो।”

रजनीकांत ने बताया बॉक्स ऑफिस का बाप

फिल्म को साउथ इंडस्ट्री से खूब सराहना मिल रही है। लेकिन बड़ी बात ये हुई कि रजनीकांत ने इसकी तारीफ में बड़े शब्द कहे। उन्होंने एक्स पर लिखा, “क्या फिल्म है… धुरंधर2। आदित्य धर, बॉक्स ऑफिस का बाप। रणवीर और पूरी कास्ट और क्रू को बहुत-बहुत बधाई। हर भारतीय को यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए। जय हिंद।”

रजनीकांत ने फिल्म देखने के बाद इसे हर भारतीय के लिए जरूर देखने लायक मूवी बताया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…