बॉम्बे हाईकोर्ट ने बुधवार को कंगना रनौत की फिल्म ‘क्वीन फॉरएवर’ की रिलीज पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। यह फिल्म साल 2014 में आई कंगना रनौत की हिट फिल्म ‘क्वीन’ का सीक्वल बताई जा रही है, जिसमें फिल्म में भी कंगना रनौत नजर आएंगी।

जस्टिस संदीप मार्ने की एकल पीठ ने ‘क्वीन’ की सह-निर्माता कंपनी फैंटम स्टूडियोज की याचिका पर राहत देने से इनकार कर दिया। फैंटम स्टूडियोज का कहना है कि फिल्म ‘क्वीन’ से जुड़े अधिकारों में उसका और जियोस्टार इंडिया का बराबर यानी 50-50 प्रतिशत हिस्सा है।

अदालत ने माना कि साल 2014 में रिलीज हुई फिल्म ‘क्वीन’ को समीक्षकों की खूब तारीफ मिली थी और यह बॉक्स ऑफिस पर भी सफल रही थी। फिल्म ने अपनी अलग पहचान बनाई और इससे जुड़ी अच्छी प्रतिष्ठा है। अब ‘क्वीन फॉरएवर’ को इसी फिल्म का सीक्वल बताया जा रहा है। इसे जियोस्टार इंडिया बना रही है, जो ‘क्वीन’ की सह-निर्माता भी थी। इस फिल्म में भी कंगना रनौत मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।

फैंटम स्टूडियोज ने क्या आरोप लगाए?

फैंटम स्टूडियोज ने अदालत में कहा कि जियोस्टार के साथ हुए समझौते के मुताबिक, ‘क्वीन’ से जुड़ी दूसरी फिल्में बनाने के अधिकार दोनों कंपनियों के पास बराबर थे। इसमें सीक्वल, प्रीक्वल, रीमेक और फिल्म की कहानी या किरदारों पर आधारित दूसरी रचनाएं शामिल थीं।

कंपनी का कहना था कि उसने ‘क्वीन’ का सीक्वल बनाने की अनुमति नहीं दी थी। फैंटम स्टूडियोज के मुताबिक, उसने अप्रैल 2026 से जियोस्टार को कई नोटिस भेजकर सीक्वल बनाने और ‘क्वीन’ से जुड़ी दूसरी सामग्री पर काम रोकने को कहा था। स्टूडियो ने आरोप लगाया कि नोटिस भेजने के बावजूद जियोस्टार ने उसे इस प्रोजेक्ट के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

यह भी पढ़ें: ‘हटाया जाए फर्जी-अश्लील कंटेंट’, कंगना रनौत पर्सनैलिटी राइट्स मामले में दिल्ली हाई कोर्ट का आदेश

फिल्म की रिलीज रोकने की मांग की थी

फैंटम स्टूडियोज ने कहा कि फिल्म की रिलीज कुछ महीनों में होने की खबरें हैं, इसलिए इस मामले पर जल्द सुनवाई जरूरी है। कंपनी ने अदालत से मांग की कि जियोस्टार और फिल्म से जुड़े अन्य लोगों को उसकी लिखित अनुमति के बिना ‘क्वीन फॉरएवर’ या ‘क्वीन 2’ के नाम से कोई सीक्वल, प्रीक्वल, रीमेक या दूसरी फिल्म बनाने से रोका जाए।

इसके अलावा, स्टूडियो ने फिल्म की शूटिंग, निर्माण, रिलीज, वितरण, टीवी प्रसारण, ओटीटी स्ट्रीमिंग और प्रचार पर भी अंतरिम रोक लगाने की मांग की थी। हालांकि, बॉम्बे हाईकोर्ट ने फैंटम स्टूडियोज की मांग स्वीकार नहीं की और फिल्म की रिलीज पर अंतरिम रोक लगाने से इनकार कर दिया।