अभिनेत्री कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ अब सिनेमाघरों के बाद ओटीटी पर दस्तक देने जा रही है। 12 जून को रिलीज हुई यह फिल्म क्रिटिक्स से पॉजिटिव रिस्पॉन्स पाने के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। मगर अब ये ओटीटी पर अच्छा प्रदर्शन कर सकती है। दर्शक इसे स्वतंत्रता दिवस के मौके पर घर बैठे देख सकेंगे।

कब और कहां होगी स्ट्रीम?

‘भारत भाग्य विधाता’ का प्रीमियर 15 अगस्त से ZEE5 पर होगा। फिल्म की डिजिटल रिलीज की घोषणा करते हुए प्लेटफॉर्म ने नया ट्रेलर भी जारी किया। यह फिल्म 26/11 मुंबई आतंकी हमलों की उस अनसुनी कहानी को सामने लाती है, जिसमें कामा अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों की रक्षा की थी।

कंगना रनौत ने क्या कहा?

कंगना रनौत ने फिल्म को लेकर कहा कि कुछ कहानियां ऐसी होती हैं जिन्हें हर हाल में दुनिया तक पहुंचना चाहिए और ‘भारत भाग्य विधाता’ उन्हीं में से एक है। अभिनेता और निर्माता दोनों भूमिकाओं में उनके लिए यह बेहद खास प्रोजेक्ट रहा।

उन्होंने कहा कि 26/11 के हमलों के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने बिना किसी सम्मान या पहचान की इच्छा के केवल अपने कर्तव्य और मानवता को प्राथमिकता दी। उनके मुताबिक स्वतंत्रता दिवस के आसपास फिल्म की रिलीज इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह याद दिलाती है कि देश की सेवा केवल सीमा पर तैनात जवान ही नहीं, बल्कि संकट के समय आम नागरिक भी असाधारण साहस दिखाकर करते हैं।

यह भी पढ़ें: नर्स के किरदार में दिखीं कंगना, ‘भारत भाग्य विधाता’ के ट्रेलर में दिखाई गई 26/11 हमले के दौरान 400 मरीजों को बचाने वाले नायकों की कहानी

निर्देशक ने बताई फिल्म की खासियत

फिल्म के लेखक और निर्देशक मनोज तापड़िया का कहना है कि उनका उद्देश्य 26/11 की घटना को एक ऐसे नजरिए से दिखाना था, जिस पर पहले कभी ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि जहां पूरा देश सुरक्षा बलों की बहादुरी को याद करता है, वहीं उसी रात कामा अस्पताल के डॉक्टर, नर्सें और अस्पताल का स्टाफ भी मरीजों की जान बचाने के लिए लगातार डटा रहा। उनकी यही कहानी इस फिल्म का केंद्र है।

फिल्म की स्टारकास्ट

‘भारत भाग्य विधाता’ का निर्देशन और लेखन मनोज तापेड़िया ने किया है। फिल्म का निर्माण पेन स्टूडियोज, मणिकर्णिका फिल्म्स और परमहंस क्रिएशन्स ने यूनोइया फिल्म्स एलएलपी और फ्लोटिंग रॉक्स एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया है। लिमिटेड के सहयोग से किया गया है। फिल्म में कंगना रनौत के अलावा गिरिजा ओक, स्मिता तांबे समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।

यह भी पढ़ें: 26/11 हमले के वक्त पार्टी कर रहीं थीं कंगना रनौत, अब उसी हमले पर बनाई फिल्म, सालों बाद खुद सुनाया चौंकाने वाला किस्सा

बॉक्स ऑफिस पर प्रदर्शन

सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 7.04 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि दुनियाभर में इसकी कुल कमाई लगभग 8.32 करोड़ रुपये रही।

क्या है फिल्म की कहानी?

फिल्म की कहानी 26/11 मुंबई आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें उन गुमनाम नायकों की बहादुरी को दिखाया गया है, जिन्होंने कामा एंड अल्ब्लेस अस्पताल में अपनी जान की परवाह किए बिना मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित की। कहानी में नर्सों, वार्ड बॉय, सफाईकर्मियों, सुरक्षा गार्ड और अस्पताल के अन्य कर्मचारियों के साहस और समर्पण को प्रमुखता से पेश किया गया है, जिन्होंने आतंक के बीच भी मानवता का साथ नहीं छोड़ा।