भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने जेन जी को गटर बोलने वाले अपने बयान पर रिएक्शन दिया है। उन्होंने कहा कि उनका निशाना सभी युवाओं पर नहीं था, बल्कि उन्होंने युवाओं के एक खास वर्ग को लेकर टिप्पणी की थी। कंगना के बयान की विपक्षी नेताओं, अभिनेता सोनू सूद, एआईएमआईएम नेता वारिस पठान और कांग्रेस नेता भाई जगताप समेत सोशल मीडिया पर कई लोगों ने आलोचना की थी।
बुधवार को समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कंगना ने अपने बयान पर कायम रहते हुए कहा कि उन्होंने सभी भारतीय युवाओं को ‘गटर’ से जोड़कर नहीं देखा था। उन्होंने कहा, “जो लोग खुद को कॉकरोच कहते हैं और हम कहते हैं कि कॉकरोच गटर से निकलते हैं, इसमें गलत क्या है? अगर लोग खुद को कॉकरोच कहते हैं और हम कहते हैं कि गटर उनका घर है, तो उन्हें बुरा क्यों लगना चाहिए?”
कंगना ने आगे कहा, “मैं खुद को कॉकरोच नहीं मानती। अगर कोई मुझसे कहे कि मैं गटर में रहती हूं तो मैं इसका विरोध करूंगी। लेकिन अगर कोई खुद को कॉकरोच कहता है, तो जाहिर तौर पर वह गटर में ही रहेगा। और कहां रहेगा?”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी सभी युवाओं के लिए नहीं थी। कंगना ने कहा कि अगर कुछ युवा ड्रग्स का इस्तेमाल करते हैं या ड्रग्स, सट्टेबाजी, जुआ और डार्क वेब जैसी चीजों से जुड़ी मौजूदा प्रवृत्तियों पर बात की जाती है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि पूरे युवा वर्ग को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “क्या मैंने कहा था कि सभी युवा गटर से हैं? मैंने खास तौर पर कुछ लोगों या कुछ महिलाओं का जिक्र किया था।”
यह भी पढ़ें: ‘इनकी परवरिश कौन कर रहा है’, CJP प्रोटेस्ट की वायरल रील्स पर भड़कीं कंगना रनौत, Gen Z को लगाई फटकार
क्या है पूरा मामला?
जुलाई के आखिरी सप्ताह में दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में छात्रों ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के बैनर तले प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारी कथित NEET-UG पेपर लीक के खिलाफ कार्रवाई और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे थे। 20 जुलाई को ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई के बाद विरोध प्रदर्शन और तेज हो गया था। इसके बाद 25 जुलाई को सरकार द्वारा प्रदर्शनकारियों की कुछ मांगें स्वीकार किए जाने के बाद CJP ने अपना आंदोलन वापस ले लिया था।
यह भी पढ़ें: युवा हिंदू महिलाओं पर कंगना रनौत का विवादित बयान, बताया- बदसूरत, भ्रष्ट और जेनरेशन गटर
प्रदर्शन खत्म होने के कुछ दिनों बाद कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए प्रदर्शन से जुड़े वीडियो और कथित तौर पर इस्तेमाल की गई भाषा की आलोचना की थी। उन्होंने प्रदर्शन के वीडियो को बेहद खराब बताते हुए लिखा था कि जेन जी के विरोध प्रदर्शन की रील्स उन्हें “उल्टी लाने वाली” लगीं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों की भाषा और व्यवहार पर भी सवाल उठाए थे।
इसके बाद कंगना ने ‘जेनेरेशन गटर’ शब्द का इस्तेमाल किया था। उन्होंने कुछ युवाओं, खासकर “युवा हिंदू महिलाओं”, पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि वे बिना जिम्मेदारी उठाए स्वतंत्र करियर बनाने वाली महिलाओं की नकल करना चाहती हैं। उन्होंने पढ़ाई में कमजोर होने, गृहिणी की भूमिका न निभा पाने और ड्रग्स, शराब व कई रिश्तों को अपनी आजादी बताने जैसे आरोप भी लगाए थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
